News Wing
Hajipur, 17 November: बिहार के वैशाली जिले में एक हजार लीटर से अधिक शराब जब्त की गयी और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि प्रदेश में पिछले साल से शराब की बिक्री प्रतिबंधित है.
शराब ले जाने वाले चार ट्रक जब्त
वैशाली के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि गुरुवार रात हाजीपुर के विदपुर एवं महुआ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत छापेमारी के दौरान शराब ले जाने वाले चार ट्रकों को जब्त किया गया. चारों ट्रकों के चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है. कुमार ने बताया कि जब्त की गई शराब की मात्रा एक हजार लीटर से अधिक है. हमारा अनुमान है कि बाजार में इसे एक करोड़ रुपये तक में बेचा जा सकता था. शराब की जब्ती ऐसे समय हुई है, जब बुधवार रात को नकली शराब पीने से तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी थी.
इसे भी पढ़ें- बोकारोः 60 पेटी अवैध शराब जब्त, बिहार भेजने की थी तैयारी, चालक गिरफ्तार
ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण पुलिसकर्मियों को भेजा गया पुलिस लाइन
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार में गांव के चौकीदार के भाई की संलिप्तता सामने आने के बाद चौकीदार को निकाल दिया गया है. इसके अलावा बराची सहायक पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी समेत ग्यारह पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण पुलिस लाइन भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि शराब बनाने वाले कारोबारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले साल के अप्रैल माह से राज्य में शराब की बिक्री एवं सेवन को प्रतिबंधित कर दिया था.




