NEWSWING
Ramgarh, 12 November : भुरकुंडा कांटा घर में पिछले दिनों हुई गोली कांड मामले में पुलिस को सफलता मिली है. पुलिस ने गोलीकांड में शामिल एक आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो कारतूस, अपाची बाइक और चार मोबाइल बरामद किया है.
दहशत फैलाने के लिए चलायी थी गोली
भुरकुंडा थाना में रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान रामगढ एसपी किशोर कौशल ने बताया कि कांटा घर में नक्सली संगठन टीएसपीसी ने लेवी वसूलने के इरादे से पहले पोस्टरबाजी कर काम बंद करने की धमकी दी. जब काम बंद नहीं हुआ तो नक्सली सैफ अली ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कांटा घर में कार्यरत व्यक्ति पर दहशत फ़ैलाने के लिए गोली चलायी. घटना के बाद पुलिस गोलीकांड मामले के उद्भेदन में जुट गयी.
जोनल कमांडर मणिकांत चौधरी के इशारे पर घटना को दिया अंजाम
पुलिस ने पतरातू के जनता नगर से सैफ अली उर्फ़ सैफ बुंडू केरेडारी निवासी को हिरासत में लिया. पूछताछ के कर्म में सैफ ने घटना की जिम्मेवारी ली. उसने पुलिस को बताया कि जोनल कमांडर मणिकांत चौधरी उर्फ़ चौधरी जी के इशारे पर घटना को अंजाम दिया था. एसपी ने बताया कि सैफ पर चतरा, हज़ारीबाग़ जिला में हत्या, लूट आदि के दर्जनों मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि सैफ अली के पास से पुलिस ने एक कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल बरामद किया है. इसके साथ ही इसके मोबाइल में नक्सली वर्दी में फोटो, पोस्टर, एक एके-47 हथियार के साथ फोटो मिला है. पुलिस गोलीकांड की घटना में शामिल अन्य अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही है.




