NEWS WING
Sahebganj, 10 November : जिले में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है. यहां अपराधी दिनदहाड़े किसी भी घटना को अंजाम देने से नहीं चूक रहे हैं. गुरुवार को भी अपराधियों ने एक घटना को अंजाम दिया. राधानगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक एटीएम गार्ड वकील साहा से 2.96 लाख रूपये लूट लिए. घटना के बाबत गार्ड वकील साहा के बयान पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कर ली गयी है.
क्या है मामला
बता दें कि गुरुवार की शाम आतापुर निवासी वकील साहा अपनी बाइक से घर जा रहे थे. इसी दौरान एनएच 80 मोहनपुर पीडब्ल्यूडी प्रशिक्षण भवन के पास विपरीत दिशा से आ रहे चार नकाबपोश लोगों ने वकील की बाइक को रोका. हथियार का भय दिखा कर एडटीएम गार्ड वकील के पास से 2 लाख 96 हजार रूपये छीन लिए. गार्ड ने बताया कि उनके पास अगल से झोला में रखे हुए 96 हजार रूपयों पर अपराधियों की नजर नहीं पड़ी. इस वजह से वह पैसे बच गये. अपराधी बाइक की डिक्की में रखे हुए 2.96 लाख रूपये ले कर फरार हो गये.
विवादास्पद रहा है एटीएम गार्ड वकील साहा का कार्यकाल
एसबीआई एटीएम गार्ड वकील साहा का कार्यकाल विवादास्पद रहा है. लगभग छह महीने से वह राजमहल एसबीआई एटीएम में गार्ड का काम कर रहा है. इससे पहले वह उधवा एसबीआई में एटीएम गार्ड का काम करता था. उस दौरान उधवा एसबीआई में लगभग 15 लाख रुपये कैश की हेराफेरी में उसकी भूमिका संदिग्ध थी. जिसके बाद उसका तबादला राजमहल कर दिया गया था. एटीएम गार्ड की नौकरी के साथ वह आतापुर व चांदशहर में अपनी देखरेख में सीएसपी बैंक भी चलाता है. गुरुवार को जो राशि लूटी गयी, उसमें उसने चार अलग-अलग लोगों के एटीएम से पैसा निकाला था. जिसमें स्वयं के दो एटीएम से 1 लाख 60 हजार रुपये, पत्नी यशोदा देवी के खाते से 96 हजार तथा खासपुरा निवासी किस्मत आजाद के खाते से 46 हजार रुपये की निकासी की थी. सभी निकासी बैंक के अनुसार गैर कानूनी है.
अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का एसपी ने दिया निर्देश
इस मामले साहिबगंज एसपी पी मुरुगन ने शुक्रवार को घटनास्थल का जायजा लिया. एसपी ने थाना प्रभारी संजय कुमार को अविलम्ब अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. इस मौके पर राजमहल एसडीपीओ सुनील कुमार, राजमहल पुलिस इस्पेक्टर सूरज उरांव, राधानगर थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक रमेश कुमार, नवल किशोर राय सहित अन्य उपस्थित थे.




