News Wing
Garhwa/Daltonganj, 10 November : गढ़वा के भंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टेहरी पंचायत के बूढ़ा पहाड़ स्थित बूढ़ा व झलडोरा गांव से माओवादियों द्वारा कुल 13 युवकों को जबरन उठा ले जाने की सूचना मिली है. गांव में कुल 23 घरों की बस्ती है, जिसमें से 9 घरों से युवकों को माओवादी उठा ले गये हैं. गांव में जिन्होंने अपने घर से युवकों को नहीं दिया वे अपना घर छोड़ कर अन्यत्र पलायन कर गये हैं. हालांकि गढ़वा के पुलिस अधीक्षक मो. अर्शी ने माओवादियों द्वारा ग्रामीणों को उठा ले जाने की घटना से इंकार किया है और इसे सिर्फ अफवाह करार दिया है.
यह भी पढ़ें : लातेहारः लाटू जंगल में पेट्रोलिंग पार्टी पर माओवादी हमला, चार जवान घायल
झलडोरा निवासी सुगीया देवी ने बताया कि दो माह पूर्व करीब तीन सौ की संख्या में माओवादी शाम में गांव पहुंचे व जबरदस्ती मेरे पति किस्मत किसान सहित अन्य लोगों को मारपीट कर अपने साथ ले गये. मैंने व मेरे पति ने इसका काफी विरोध किया. बावजूद इसके नक्सली नहीं माने. उन्होंने यहां तक कहा कि मुझे बंदूक चलाने व टांगने नहीं आता है. इस पर माओवादी उन्हें पीटने लगे. नक्सलियों ने उसे भी पीटा.
यह भी पढ़ें : बूढ़ा पहाड़ पर सुरक्षाबलों का डेरा, माओवादियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान
सुगीया के पुत्री की मौत के बाद भी उनके पति को नहीं आने दिया माओवादियों ने
सुगीया ने बताया कि करीब ढेड़ माह पूर्व उसकी एक वर्षीय पुत्री पुनम कुमारी की बिमारी के कारण मौत हो गई थी. उसके मौत की सूचना मैंने माओवादियों तक पहुचवाई. बावजूद इसके उन्होंने मेरे पति को घर वापस नहीं आने दिया. वर्तमान में उसके दो पुत्र व एक पुत्री हैं.
बूढ़ा पहाड़ से जब-तब नीचे स्थित गांव में उतरते हैं नक्सली
तूमेरा गांव निवासी उर्सेला तिग्गा ने बताया कि नक्सली 15 की संख्या में दीपावली के बाद गांव में पहुचे थे. उनकी उपस्थिति छठ पर्व के बाद भी हुई थी.
वर्तमान में तूमेरा गांव में स्थापित है पुलिस कैंप
बूढ़ा पहाड़ नक्सल मुक्त हो इसकी कवायद में पुलिस मुस्तैदी के साथ लगी हुई है. अभियान की सफलता के लिये बूढ़ा पहाड़ से सटे चारों तरफ के गांव में पुलिस द्वारा कैंप स्थापित कर अभियान की निगरानी की जा रही है.
सूत्र बताते हैं कि पुलिस इस बार माओवादियों के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ रही है. पुलिस ने बूढ़ा पहाड़ के चारों तरफ घेराबंदी कर रखी है. माओवादियों के रसद पानी बंद कर पुलिस उन्हें मार गिराने के टोह में है. माओवादियों के विरुद्ध यह अभियान पिछले एक पखवाड़े से जारी है. अभियान में झारखंड व छत्तीसगढ़ की पुलिस संयुक्त रुप से लगी हुई है.
पुलिस द्वारा अभियान की निगरानी हेलिकॉप्टर से भी की जा रही है. इस अभियान के संबंध में पूछे जाने पर तूमेरा गांव में तैनात सीआरपीएफ 172 बटालियन के द्वितीय कमाण्ड अधिकारी बी०के० सिंह ने बताया कि जगह-जगह स्थापित कैंप वर्तमान में अस्थाई हैं. इसी चरण में बहेरा व तुमेरा में पुलिस पिकेट स्थापित किये जायेंगे व माओवादियों का सफाया किया जायेगा.




