Uncategorized

ऑपरेशन क्लीन मनी’ के तहत 180 स्थानों पर छापेमारी, दिनाकरण ने ‘षड्यंत्र’ बताया

News Wing
Chennai, 09 November : आयकर विभाग ने कर चोरी के संदेह में आज एक साथ 187 परिसरों पर छापामारी की जिनमें तमिल टीवी चैनल जया टीवी के चेन्नई स्थित परिसर तथा अन्नाद्रमुक नेता वी के शशिकला और उनके भतीजे टी टी वी दिनाकरण के परिसर शामिल हैं.

अन्नाद्रमुक के अपदस्थ महासचिव दिनाकरण ने आयकर विभाग द्वारा मुख्यत: तमिलनाडु में की गई छापेमारियों को ‘‘षड्यंत्र’’ करार दिया और केंद्र को निशाना बनाया. आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां पीटीआई को बताया कि चेन्नई में जया टीवी के परिसर और दिनाकरण के फार्म हाउस पर ‘ऑपरेशन क्लीन मनी’ के तहत छापेमारी की गई.

तमिलनाडु के साथ-साथ हैदराबाद, नयी दिल्ली और बेंगलुरू में भी छापेमारी
उन्होंने कहा कि जिन 187 परिसरों में छापेमारी की गई उनमें से अधिकतर तमिलनाडु में थे, कुछ हैदराबाद, तीन नयी दिल्ली और एक बेंगलुरू में है. पहचान जाहिर करने के अनिच्छुक आयकर विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग के अधिकारियों ने दिनाकरण और जेल में बंद उनकी मौसी वी के शशिकला से जुड़े कुछ लोगों के परिसरों पर भी छापा मारा गया.

ऐसे परिसरों में कुछ जया टीवी, दिनाकरण, शशिकला और उनके भाई दिवाकरण से जुड़े हुए हैं और ये सभी कर चोरी के संदिग्ध हैं. अधिकारियों ने बताया कि जिन परिसरों पर छापेमारी की गई वे जया टीवी (माविस सैटकॉम लिमिटेड), इसकी सहयोगी, जैज सिनेमा, एक शराब कंपनी, मिडास डिसटीलरीज, एक आभूषण की दुकान और अन्य कंपनियां शामिल हैं.

ऑपरेशन क्लीन मनी’ के तहत चोरी के संदेह पर छापेमारी
शराब और सिनेमा प्रतिष्ठान उन लोगों का माना जा रहा है जो जया टीवी, शशिकला और दिनाकरण से जुड़े हुए हैं. दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता के टीवी चैनल जया टीवी के संबंध में कहा जाता है कि राजनीतिक रूप से उसका झुकाव शशिकला और दिनाकरण के पक्ष में है. जया टीवी को अन्नाद्रमुक का मुखपत्र भी समझा जाता रहा है.

दिनाकरण ने कहा कि पुडुचेरी के अराविले में उनके फार्म हाउस पर छापामारी की गई. बहरहाल उन्होंने कहा कि चेन्नई में उनके घर पर छापामारी नहीं हुई है. अधिकारी ने बताया कि ‘ऑपरेशन क्लीन मनी’ के तहत कर चोरी के संदेह में आयकर विभाग ने आज सुबह छापेमारी की कार्रवाई शुरू की. ‘ऑपरेशन क्लीन मनी’ पिछले वर्ष नोटबंदी की घोषणा के बाद शुरू किया गया था.

अन्नाद्रमुक पर नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम के साथ संघर्षरत दिनाकरण का कहना है कि उनके फार्म हाउस की तलाशी ली गयी है, हालांकि उन्होंने मकान पर छापेमारी से इनकार किया. आयकर विभाग के एक अधिकारी ने पीटीआई..भाषा को बताया कि उनके खिलाफ लगे आरोपों में मुखौटा कंपनियां, संदिग्ध निवेश, धन की संदिग्ध आवाजाही और खातों में हेर-फेर शामिल है.

10 से ज्यादा समूहों ने छापेमारी की
अधिकारी का कहना है कि यहां टीवी चैनल के अकाउंट सेक्शन में हुई छापेमारी ‘ऑपरेशन क्लीन मनी’ का हिस्सा है. उन्होंने बताया कि मिडास डिस्टिलरीज और जाज सिनेमाज के परिसर की भी तलाशी ली गयी है. जया टीवी ने भी अपनी खबर में अपने परिसरों तथा जाज सिनेमाज में आयकर द्वारा छापेमारी की बात कही है. सूत्रों ने बताया कि आज सुबह 10 से ज्यादा समूहों ने छापेमारी की कार्रवाई की.

दिनाकरण ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आयकर छापेमारी का निर्देश कौन दे सकता है, केवल केंद्र सरकार दे सकती है…यह स्पष्ट है कि इसके पीछे केंद्र का हाथ है.’’ पार्टी पर नियंत्रण को लेकर दिनाकरण का मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम के नेतृत्व वाले धड़े से लड़ाई जारी है. उन्होंने कहा कि आयकर अधिकारी ‘‘मेरे सचिव जना के आवास पर बैठे हुए हैं जो 13 वर्षों से मेरी पत्नी का निजी सहायक है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘षड्यंत्र चल रहा है.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button