News Wing
Khunti, 06 November: खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में आज सुबह कुएं में डूबने से एक महिला व उसके 2 साल के बेटे की मौत हो गई.
नहाने के दौरान हुई घटना
घटना सुबह लगभग दस बजे की बताई जा रही है. महिला अपने 2 साल के बेटे के साथ घर के बाहर कुएं में नहाने के लिए गई थी. नहाने के दौरान बच्चा कुएं में जा गिरा जिसे देखकर मां ने भी कुंए में छलांग लगा दी. महिला को तैरना नहीं आता था जिसकी वजह से महिला व उसके बेटे की मौत डूबने से हो गयी.
परिजनों ने शव को कुएं से निकाल पुलिस को दी घटना की जानकारी
घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों को तब हुई जब गांव के अन्य लोग नहाने के लिए कुएं पर पहुंचे. लोगों ने दोनों के शव को कुएं में देखा. इसके बाद परिजनों ने शव को कुंए से निकाला और सदर अस्पताल लेकर गए. वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने इस घटना की जानकारी खूंटी पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.




