News wing Bokaro, 22 october : न्यूज विंग की खबर का एक बार फिर असर हुआ है. 42 आदिवासी परिवारों का राशन कार्ड नहीं होने की खबर न्यूज विंग में प्रकाशित होने के बाद अफसरों की नींद टूटी है. शहरी क्षेत्र के खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी ने सेक्टर 12 के जयपाल नगर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और राशन कार्ड बनाने का आश्वासन दिया. गौरतलब है कि रविवार को न्यूज विंग ने “खाद्य आपूर्ति विभाग के सारे दावे फेल, 42 आदिवासी परिवारों का नहीं बना है राशन कार्ड” शीर्षक से एक खबर प्रकाशित की थी.
यह भी पढ़ेंः बोकारो :खाद्य आपूर्ति विभाग के सारे दावे फेल, 42 आदिवासी परिवारों का नहीं बना है राशन कार्ड
जिसमें बताया गया था कि राज्य सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग के सारे दावे बोकारो शहर के सेक्टर 12 के पास बसे जयपाल नगर में आकर फेल होते नजर आ रहे हैं. यहां पर करीब 85 आदिवासी परिवार गरगा नदी के किनारे झुग्गी झोपड़ी बनाकर वर्षों से रह रहे हैं. जिनमें 42 परिवार ऐसे है जिनका राशन कार्ड पिछले एक सालों से नहीं बन सका है.
इस खबर को पढ़ने के बाद पदाधिकारी रेस हो गये. शहरी आपूर्ति पदाधिकारी अरूण कुमार सिंह जयपाल नगर पहुंचे और 42 परिवारों का राशन कार्ड बनाने का आश्वासन दिया लोगो की समस्या की जानकारी जिले के डीसी राय महिमापत रे को भी हुई. उन्होंने निर्देश दिया है जिनका राशन कार्ड नहीं बना है उनका राशन कार्ड जल्द बनाया जायेगा, साथ ही लोगों को आपूर्ति विभाग संबंधित हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी.




