
Dhanbad: आजादी का अमृत महोत्सव को लेकर 13 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान को लेकर धनबाद के लोगों में भारी उत्साह है. शनिवार को जिले के बाघमारा सहित सभी प्रखण्डों में 43 संकुल संगठनों के सभी पंचायतों में स्वयं सहायता समूह की लगभग पांच हजार दीदियों की उपस्थिति में साईकिल रैली निकली गई. रैली के दौरान पूरे जोश, हर्षोल्लास के साथ दीदियों ने देशभक्ति नारों का उदघोष किया. साथ ही लोगों से 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की. रैली में बीडीओ,सीओ के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी भाग लिया.

12 अगस्त को न्यू टाउन हॉल में आयोजित होगा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर डीसी संदीप सिंह के निर्देशानुसार 12 अगस्त को न्यू टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में जिले के सांस्कृतिक संस्थान, कलाकार, शिक्षण संस्थान, स्वयंसेवी संस्थान, आर्केस्ट्रा बैंड तथा अन्य इच्छुक व्यक्ति, संस्थान, स्थानीय कलाकार के द्वारा देशभक्ति से संबंधित गान, सामूहिक नृत्य, नाट्य, पारंपरिक गान, नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा. जिला प्रशासन ने इसके लिए 8 अगस्त तक लोगों व संस्थाओं से अपने आवेदन जमा करने की अपील की है. इस संबंध जिला योजना पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी महेश भगत ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में चयनित टीम ही हिस्सा ले पाएगी.
इसे भी पढ़ें: Commonwealth Games: पहलवानों की दमखम से मेडल टैली में भारत की लंबी छलांग, जानें-आज किनसे हैं उम्मीदें




