News Wing Ranchi, 16 October: रांची में हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी ने मिशन 2019 की सफलता पर गहन मंथन किया. बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई और संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनी. कार्यसमिति की बैठक के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह सांसद सुनील सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक में हुई चर्चाओं और राजनीतिक प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी. सांसद ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए 81 में से 80 विधानसभा में पार्टी ने कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया और तिरंगा यात्रा निकालकर युवाओं को पार्टी से जोड़ने का काम किया. उन्होंने कहा कि सीएम रघुवर दास के नेतृत्व में सरकार के कामकाज से देश और दुनिया में राज्य की प्रतिष्ठा बढ़ी है, वहीं शहीदों को सम्मान दिलाने के मुद्दे और उनके गांवों के विकास से संबंधित सवाल से सांसद बचते नजर आये. प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनील सिंह के साथ प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबीद, प्रतुल शाहदेव और संजय जयसवाल भी थे. वहीं कार्यसमिति की बैठक में सीएम रघुवर दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, रामविचार नेताम, अर्जुन मुंडा समेत भाजपा के सभी सांसद, विधायक और कार्यसमिति के सदस्य मौजूद थे.
भाजपा कार्यसमिति का राजनीतिक प्रस्ताव
प्रदेश भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया है कि देश और राज्य में सशक्त स्वावलंबी और ईमानदार अर्थव्यवस्था का निर्माण करने की दिशा में काम चल रहा है. जिससे एक सशक्त ईमानदार एवं पारदर्शी अर्थव्यवस्था का विकास हो रहा है.
मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम जीएसटी
सरकार ने मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के तहत जीएसटी देशभर में लागू किया. यह कर प्रणाली वर्तमान समय में सभी राज्य सरकारों की सहमति से लागू की गयी है. इसके प्रत्येक बैठक में सभी राज्य सराकर के प्रतिनिधि भाग लेते हैं और सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए देश में एक कर, एक व्यवस्था लागू करने के लिए प्रयासरत हैं.
पीएम की कूटनीति से निकला डोकलाम का हल
राज्य कार्यसमिति की बैठक में डोकलाम पर भी चर्चा की गई इसे देश का एक कूटनीतिक विजय और शांतिपूर्ण समाधान बताया गया .राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड प्रवास को भी राजनीतिक प्रस्ताव में स्थान मिला. राज्य सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में आयोजित सम्मान कार्यक्रम की प्रशंसा की गई इसके लिए कार्य समिति ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आभार प्रकट किया.
रघुवर सरकार ला रही पारदर्शी शासन
कार्यसमिति ने रघुवर सरकार के 1000 दिन पूरे होने पर राज्य सरकार को बधाई दी, साथ ही कहा गया की रघुवर दास के नेतृत्व वाली सरकार राज्य का आधारभूत संरचना का विकास कर रही है. सरकार भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन लाने का प्रयास कर रही है. सरकार के गंभीर एवं इमानदार प्रयासों को सकारात्मक बदलाव नजर आ रहा है.
बैठक में किसानों का भी उठा मुद्दा
कार्यसमिति की बैठक में किसानों के मुद्दे पर भी प्रस्ताव लाया गया, साथ ही धर्म स्वतंत्र विधेयक 2017 से धर्मांतरण पर रोक लगाने की दिशा में सरकार के किए गए पहल की सराहना की गयी.
मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को भाजपा ने बताया सफल
कार्यसमिति के प्रस्ताव में मुख्यमंत्री के सफल विदेश दौरे का भी जिक्र किया गया. यह भी कहा गया कि श्रम सुधार की दिशा में राज्य सरकार के ईमानदार एवं गंभीरता पूर्ण पहल से इस मामले में लगातार दूसरी बार राज्य प्रथम स्थान पर स्थापित हुआ है.
बेरोजगारी दूर करने के लिए सरकार कर रही अच्छा काम
बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के मामले में भी राज्य सरकार उल्लेखनीय काम कर रही है कार्य समिति के प्रस्ताव में कहा गया कि मुद्रा योजना के माध्यम से 50000 लोगों को रोजगार के अवसर तथा एक लाख सखी मंडल को एवं माध्यम से दस लाख से ज्यादा महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं. निवेशकों के माध्यम से अब तक 31000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है.




