News Wing
Pakur, 09 October: पाकुड़ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर एक क्रशर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया. गुप्त सूचना के आधार पर डीसी दिलीप कुमार झा और एसपी शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल ने संयुक्त छापेमारी कर सोमवार को देर शाम यहां से विस्फोटक बरामद किया. सुंदरापहाड़ी स्थित अली एंड ब्रदर्स के क्रशर में गिट्टी के नीचे 100 पीस जिलेटीन और 25 पीस डेटोनेटर छिपा कर रखे गये थे. यह विस्फोटक अवैध था. छापेमारी के क्रम में अधिकारियों ने यह भी पाया की क्रशर मालिक ने जमीन के अंदर से अवैध तरीके से बिजली का कनेक्शन लिया है.
क्रशर मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
डीसी ने कहा कि क्रशर संचालक अली अकबर द्वारा अवैध तरीके से चलाये जा रहे पत्थर के कारोबार की जांच की जायेगी. वहीं एसपी ने कहा कि अवैध विस्फोटक एवं बिजली कनेक्शन को लेकर क्रशर मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. गौरतलब है कि अली अकबर पाकुड़ जिले का बड़ा पत्थर कारोबारी है और उसके खिलाफ की गयी कार्रवाई से क्रशर संचालकों में हड़कंप मच गया है.
छापामारी अभियान में यह थे शामिल
छापामारी अभियान में डीसी और एसपी के साथ सहायक खनन पदाधिकारी सुरेश प्रसाद शर्मा, कनीय अभियंता विद्युत विकास कुमार, पुलिस निरीक्षक इंदुशेखर झा, ट्रैफिक प्रभारी अनन्त कुमार शर्मा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे




