News Wing
Dumka, 22 September: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दुमका में नक्सलियों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि नक्सली विकास कार्यों में अड़चन पैदा ना करें. वे आदिवासी, गरीबों के बच्चों को गुमराह नहीं करें. उनके हाथों में बंदूक न दें. सरकार उनके हाथों में कलम और कंप्यूटर देना चाहती है. राजनाथ ने कहा क्या नक्सली नेता यह बताएंगे कि वह अपने बच्चों के हाथों में बंदूक दे रहे हैं या कलम. उन्होंने कहा कि नक्सलियों का आधार सिकुड़ रहा है. नक्सल समाप्त हो कर रहेगा. इसे कोई ताकत रोक नहीं सकती. नक्सली आत्मसमर्पण नीति के तहत सरेंडर करें. उन्हें अब हिंसा का रास्ता छोड़ना होगा. गृहमंत्री ने कहा कि नक्सलियों के खात्मे के लिए सरकार को जन सहयोग की जरूरत है. रघुवर सरकार के 1000 दिन पूरे होने पर दुमका में आयोजित गरीब कल्याण मेला समापन समारोह को संबोधित करते हुए राजनाथ बोल रहे थे. इस मौके पर उन्होंने 3184.66 करोड़ की 274 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया.
दुनिया में तेजी से विकसित होने वाली अर्थव्यवस्था भारत
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत दुनिया में तेजी से विकसित होने वाली अर्थव्यवस्था का नाम है. अब भारत कमजोर भारत नहीं रहा, बल्कि भारत का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा हुआ है. उन्होंने कहा कि इस ताकतवर भारत के खिलाफ सीमा पर पाकिस्तान कोई भी गलत हरकत करता है तो उसका भारत मुंहतोड़ जवाब दे रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का मानना है कि देश व राज्य का विकास हो, लेकिन इसके लिए किसानों का विकास बेहद जरुरी है. यही वजह है कि प्रधानमंत्री ने 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
1000 दिन में मुख्यमंत्री ने करिश्माई कार्य किया है
गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री रघुवर दास की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने 1000 दिनों में करिश्माई कार्य किया है. राज्य सरकार की जो जिम्मेदारी थी उसका निर्वहन सही ढंग से किया गया. अटल जी ने जिस सपने और सोच के साथ अलग झारखंड राज्य की परिकल्पना की थी वह अब साकार हो रहा है. झारखंड में मानव संसाधन, प्रकृति संसाधन की कोई कमी नहीं थी. कमी तो नियोजित ढंग से कार्य करने की, लेकिन जिस सुनियोजित ढंग से अब कार्य हो रहा है उससे यह प्रतीत होता है कि आने वाले दिनों में झारखंड देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा होगा.
2019 तक 10% से उपर जायेगा विकास दर
राजनाथ ने कहा कि राज्य में अब पहले जैसी बात नहीं. यहां का सकल घरेलू उत्पाद दर 8.6 है और इसी रफ्तार से अगर विकास के कार्य होते रहे तो 2019 तक 10% से ऊपर तक विकास दर जाएगा, यह मेरा यकीन है. राज्य में विदेशों से पूंजी लगाने वाले आ रहे हैं. उद्योग लगने और लगाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है. इस मार्ग में कई कठिनाइयां थी, जिसे राज्य के मुख्यमंत्री ने दूर किया है. यही वजह है कि व्यापार करने में सुगमता मामले में झारखंड जो पहले 29 वें स्थान पर था वह 7 वें स्थान पर आ गया है.
मतपेटी भरने के लिए उपयोग किये गये संथाल के लोगः रघुवर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 1000 दिन मेरा पराक्रम नहीं, बल्कि जनता के आशीर्वाद से यह प्राप्त हुआ है. जनता की अपेक्षाओं और उनकी कसौटी पर खरा उतरने से असीम आनंद की प्राप्ति होती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण मेला के आयोजन का उद्देश्य यही है कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को सीधे मिले. आजादी के बाद से यहां के लोग बिचौलियों द्वारा शोषित होते रहे हैं, लेकिन अब सरकार और जनता के बीच कोई दीवार नहीं रहेगी. राज्य सरकार ने तय किया है कि बजट का एक एक पैसा गरीब के घर में जाना चाहिए. सीएम ने कहा कि संथाल की जनता को मतपेटी भरने के लिए उपयोग किया गया और नेताओं ने अपना जेब भरा. जनता पीछे रह गई लेकिन वर्तमान सरकार ने तय किया है कि योजनाओं का लाभ लोगों को पारदर्शी ढंग से प्राप्त हो.
800 करोड़ की योजनाओं का लोगों को मिला लाभ
सीएम ने कहा कि 11 से 22 सितंबर तक आयोजित गरीब कल्याण मेला के जरिए 800 करोड़ रुपए की योजनाओं के लाभ से राज्य के लोगों को लाभांवित किया गया है. कुल 1 लाख 50 हजार लोग लाभान्वित हुए. आधारभूत संरचनाओं के विकास हेतु 8, 820 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले आधारभूत संरचनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण हुआ. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक राज्य के 8 लाख गरीब परिवारों के बीच गैस सिलेंडर और चूल्हा का वितरण हुआ है. 2018 मार्च तक 18 लाख परिवारों को इस योजना से आच्छादित करने का लक्ष्य तय किया गया है. महिलाओं को स्वालंबन की ओर अग्रसर करने के लिए 90% अनुदान पर दो-दो गाय उपलब्ध कराया जा रहा है.
परिसंपत्तियों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री और मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण किया. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अरविंद कुमार, स्वाइल हेल्थ कार्ड के तहत पीयूष कुमार व राज प्रसाद, वनाधिकार पट्टा के तहत रमणी हांसदा व बबलू किस्कू, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत धर्मी देवी, स्वयंसेवी संस्था को बैंक लिंकेज हेतु ज्योतसना सिंह व जमेली मुर्मू, बैंक सेवी संतोष सोरेन को ईपॉश मशीन सांकेतिक रूप से सौंपा. कार्यक्रम में दुमका समाहरणालय को आईएसओ सर्टिफिकेट दिया गया. बदलता दुमका, dazzling दुमका नामक पुस्तक का विमोचन और मयूराक्षी सिल्क ब्रांड का शुभारंभ किया गया.
कार्यक्रम में ये थे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री सीपी सिंह, अमर कुमार बाउरी, डॉ लुइस मरांडी, डॉ नीरा यादव, मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, मंत्री राज पलिवार, मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, रणधीर कुमार सिंह, सांसद रवीन्द्र राय, लक्ष्मण गिलुआ और भाजपा के कई विधायक के अलावा मुख्य सचिव राजबाला वर्मा और डीजीपी डीके पांडेय सहित कई अधिकारी मौजूद थे.




