News Wing
New Delhi, 21September: भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के ठिकाने का पता चल गया है. यह खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि उसके भाई इकबाल कासकर ने की है. पुलिस पूछताछ में इकबाल कासकर ने बताया कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में रह रहा है.
परिवार वालों से फोन पर बात नहीं करता दाऊद
उसने बताया कि पिछले कुछ समय से पाकिस्तान में दाऊद इब्राहिम की सुरक्षा में 50 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर दी गई है. इकबाल कासकर ने बताया कि साल 2014 के बाद से पाकिस्तान के भीतर ही दाऊद इब्राहिम ने चार ठिकाने बदले हैं. दाऊद आज भी अपने परिवार वालों से जुड़ा हुआ है, लेकिन खुद फोन पर बात नहीं करता है. वह देश-दुनिया में रह रहे परिवार के सदस्यों से उनका हाल-चाल अपने लोगों से पता करवाता है. जरूरत पड़ने पर वह उनकी हर तरह से मदद भी करता है.
यहां गौर करने वाली बात यह है कि भारत लगातार दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में छुपे रहने की बात करता रहा है, लेकिन वहां की सरकर इससे इनकार करती रही है.
नए बेस बना रहा है दाऊद
इकबाल कासकर ने बताया कि दाऊद इन दिनों ड्रग्स के धंधे में पूंजी लगा रहा है. उसने बताया कि दाऊद लैटिन अमेरिका और अफ्रीकी देशों में अपने धंधे को जमा रहा है. उसने यहां के स्थानीय ड्रग्स सप्लायरों से सांठ-गांठ कर ली है. अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान के रिश्ते बिगड़ने के बाद दाऊद ने अफ्रीकी देशों को अपने काले धंधे का नया ठिकाना बनाया है. अफ्रीकी देशों में ड्रग्स की मांग बढ़ने से उसे यहां अपने काले धंधे को जमाने में काफी मदद मिल रही है. दाऊद की ‘डी’ कंपनी ने पूरी दुनिया में करीब 20 हजार करोड़ का कारोबार खड़ा कर लिया है.
इन देशों में भी दाऊद का कारोबार
-अफगानिस्तान, रूस और इंग्लैंड में भी दाऊद का कारोबार
-चीन में कपड़े के कारोबार में पैसे लगा रखा है दाऊद
-नेपाल के शेयर बाजार और बैंकों में निवेश करता है दाऊद
-डी कंपनी ने नाइजीरिया में बोको हराम से डील कर रखी है
-पश्चिमी एशिया के शॉपिंगग मॉल्स, सीमेंट कंपनियों और तेल कंपनियों में पैसे लगा रखा है दाऊद
-कराची स्टॉक एक्सचेंज और पाकिस्तानी कंस्ट्रक्शन कंपनियों में निवेश कर रखा है दाऊद
बहन हसीना पारकर के घर से पकड़ा गया इकबाल कासकर
मालूम हो कि सोमवार देर रात मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया गया था. ठाणे के पुलिस कमिश्नर ने बताया थ कि दाऊद के भाई इकबाल कासकर को महाराष्ट्र पुलिस ने सोमवार शाम उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि ठाणे पुलिस कासकर को अपराध शाखा ने जबरन वसूली के मामले में पकड़ा है.
जबरन वसूली का गैंग चलाता था कासकर
उन्होंने बताया कि कासकर जबरन वसूली का गैंग चलाता था. ठाणे के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त कासकर अपनी बहन हसीना पारकर के घर पर मौजूद था. जिस समय पुलिस ने हसीना पारकर के घर पर दबिश दी उस समय इकबाल कासकर टीवी देख रहा था और बिरयानी खा रहा था. उन्होंने बताया कि कासकर 2013 से एक बिल्डर से वसूली कर रहा था.
ड्रग्स डीलिंग में शामिल था या नहीं इकबाल इसकी जांच चल रही है
उन्होंने बताया कि कासकर उगाही में बिल्डर्स से कैश के अलावा फ्लैट भी लेता था. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिल्डर्स व अन्य लोगों से ली जाने वाली फिरौती में दाऊद का हाथ है या नहीं, इसकी भी जांच चल रही है. उन्होंने बताया कि इसकी भी जांच चल रही है कि इकबाल ड्रग्स डीलिंग में शामिल था या नहीं.
कुछ बिल्डर कर रहे थे इकबाल की मदद
पुलिस को यह भी पता चला है कि कुछ बिल्डर इकबाल की मदद कर रहे थे. वसूली के लिए इकबाल कासकर बड़े भाई दाऊद के नाम का भी प्रयोग करता था. इकबाल उगाही के लिए बिल्डर्स को घर बुलाता था या फिर फोन करके उनसे फिरौती मांगता था.
बिहार से गुंडे बुलाकर बिल्डरों को धमकाता था इकबाल कासकर
अंडरवर्ल्ड दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर की गिरफ्तारी के बाद उसके कई काले कारनामे का पर्दाफाश हुआ है. ठाणे के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इकबाल कासकर का मुख्य धंधा बिल्डरों से उगाही का रहा है. उन्होंने बताया कि वह बिल्डरों को धमकाने के लिए और जमीनों पर अवैध कब्जे के लिए बिहार से गुंडे बुलवाता था. काम हो जाने के बाद दाऊद का परिवार बिहार से बुलाए गए गुंडों को पेमेंट देकर वापस भेज देता था. वह बिहार से बुलाए गए नए लड़कों का इस्तेमाल शूटर के रूप में भी करता रहा.




