
Ranchi : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण अधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के आवेदन को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से इस बाबत नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है. बताते चलें कि झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण अधिकारी पद पर नियुक्ति के लिए होने जा रही परीक्षा के लिए 19 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे थे. राज्य में पहली बार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ट्रेनों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया था. इस विज्ञापन के जरिए बैकलॉग और रेगुलर दोनों तरह के पदों पर बहाली की जानी थी. कुल पदों की संख्या 727 है.
इसे भी पढ़ें:बिजली,पानी और राज्य की गिरती कानून व्यवस्था के खिलाफ भाजपा उतरी सड़क पर, कहा- हेमंत राज में कोई सुरक्षित नहीं
यह प्रतियोगिता परीक्षा तीन पत्रों की होगी तथा तीनों में ऑबजेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न तीन अंकों का होगा. प्रत्येक सही प्रश्न पर तीन अंक मिलेंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक काटे जाएंगे. पहले पत्र की परीक्षा भाषा एवं सामान्य ज्ञान की होगी जो सिर्फ क्वालिफाइंग होगी. अर्थात इसके अंक मेधा सूची में नहीं जोड़े जाएंगे.
दूसरे पत्र की परीक्षा जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा की होगी. इसी तरह, तीसरे पत्र की परीक्षा तकनीकी ज्ञान की होगी. तकनीकी ज्ञान की परीक्षा में निर्धारित न्यूनतम अंक लाना अनिवार्य होगा, जो विभिन्न श्रेणी के लिए अलग-अलग हैं.




