
Ranchi: केंद्रीय पथ परिवहन राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार ने झारखंड के नेशनल हाईवे 419 के पोखरिया मोड़ से गोविंदपुर रोड तक फोर लेनिंग की स्वीकृति दे दी है. इस सड़क के चौड़ीकरण ढांचा सहित सर्विस लेन इत्यादि के निर्माण में 300.44 करोड़ की लागत आएगी. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस आशय की जानकारी ट्वीट करके दी है.
सड़क निर्माण का कार्य नेशनल हाईवे विंग झारखंड के तहत किया जाएगा. इंजीनियरों ने बताया कि यह सड़क एशियाई डेवलपमेंट बैंक के द्वारा बनाई गई स्टेट हाईवे गोविंदपुर साहिबगंज रोड का ही हिस्सा है,जिसमें गोविंदपुर से पोखरिया रोड एनएच 419 में शामिल हो गया है. 15 किलोमीटर लंबी यह सड़क गोविंदपुर पोखरिया होते हुए जामताड़ा की ओर चली जाती है. वर्तमान में जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा है. अब एनएच विंग इस सड़क के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू करेगा. यह प्रयास किया जा रहा है कि इसकी सारी प्रक्रिया पूरी कर चार से पांच माह में काम शुरू करा दिया जाए. इस सड़क के फोरलेन बनने से इलाके के लोगों को काफी फायदा होगा. आवागमन आसान होगा.
ये भी पढ़ें-जमशेदपुर : प्रचंड गर्मी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने से लोग त्राहिमाम, विभाग का फोकस राजस्व बढ़ाने पर




