
Ranchi: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने होली के पूर्व नेपाल हाउस, डोरंडा, रांची स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. मंत्री ने बैठक कर गर्मी में पेयजल संकट को कम करने को लेकर अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करते हुए युद्ध स्तर पर उन्हें कार्य करने के निर्देश दिए हैं.
मंत्री ने बैठक में कहा कि एनओसी के अभाव में कार्य लंबित रहता है, इसलिए समय से पूर्व पथ निर्माण विभाग, वन विभाग, एनएचएआई, डीवीसी, रेलवे आदि विभागों से व्यक्तिगत संपर्क कर ससमय एनओसी लेकर निर्धारित अवधि में कार्य संपन्न करायें. उन्होंने कहा कि अभियंतागण पारदर्शी तरीके से काम करे. वर्ष 2024 तक राज्य के 59 लाख 23 हजार हाउस होल्ड तक नल से जल पहुंचाना है. इसलिए तीव्र गति से योजनाओं को संपन्न करायें. संवेदकों से समन्वय बनाकर ससमय कार्य पूर्ण करायें. मंत्री ने वैसे संवदेकों जिनका कार्य अवधि विस्तार के बाद भी संतोषजनक नहीं है, उन्हें अविलंब अंतिम स्मार पत्र देकर उन्हें दंडित करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें: Ranchi: एयरपोर्ट इलाके में पंखे से झूलता मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
मंत्री ने विभागीय सचिव को धनबाद जिलांतर्गत निरसा उत्तर और निरसा दक्षिण बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना में हो रहे विलंब के कारण संबंधित एजेंसी को टर्मिनेट कर नये सिरे से कार्य आंरभ हेतु निविदा प्रकाशित करने का निर्देश दिया. बैठक के बाद मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने सभी अधिकारियों एवं अभियंताओं को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं.




