
Ranchi: अखिल भारतीय भोजपुरी मगही मैथिली अंगिका मंच ने भाषाई विवाद पर 6 मार्च को झारखंड बंद बुलाया है. इसी क्रम में आज मंच ने राज्यवासियों, नागरिकों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों,बुद्धिजीवी वर्ग एवं छात्र संगठनों से समर्थन मांगते हुए “अपील पत्र” जारी किया. बंद को सफल बनाने में सबों से सहयोग मांगा. मंच की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष कैलाश यादव ने कहा कि राज्य के मुख्यमत्री से आग्रह है कि भाषाई विवाद को समय रहते हुए अविलंब समाप्त करें. राज्य में भोजपुरी, मगही, मैथिली, अंगिका और हिंदी को दरकिनार कर झारखंड में किसी भी पार्टी के लिए सरकार चलाना बिल्कुल असंभव है.
झारखंड के रोम-रोम में बिहार बसा हुआ है. युगों से निवास करने वाले तीसरी चौथी पीढ़ी और करोड़ों बिहारियों व अन्य को नजरंदाज कर भावनाओं में बह कर कोई भी असंवैधानिक फैसला लेना सरकार के लिए अहितकारी साबित होगा.
ऐसे में मंच की ओर से मांग है कि भाषाई विवाद को समाप्त करने के लिए सर्वमान्य समाज का ख्याल रखा जाये. एक उचित निर्णय अविलंब सरकार ले. ऐसा नहीं होने पर 6 मार्च को सम्पूर्ण झारखंड बंद रहेगा.
इसे भी पढ़ें:15 लाख का इनामी छोटू खेरवार बना कोयल शंख जोन का कमांडर
भाजपा कांग्रेस आये सामनेः बबन
मंच की ओर से बीजेपी कांग्रेस जेएमएम राजद जेडीयू सहित अन्य पार्टियों और तमाम व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तथा सामाजिक संगठनों से अपील करते हुए कहा गया कि वे राज्यहित एवं जनहित में बंद का समर्थन करें.
बबन चौबे (जयहिंद पार्टी) ने कहा कि आगामी दो दिनों में समूह बनाकर अनेक राजनीतिक दलों के नेताओं से बंद के समर्थन के लिये सहमति ली जायेगी. इस दौरान कई संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे. सबों ने राज्य सरकार से इस मसले पर जल्दी से फैसला लेने की अपील की.
इनमें से प्रमुख रूप से उपेंद्र नारायण सिंह(जेडीयू),राजकिशोर सिंह (राजद) सुबोध ठाकुर(नाई संघ) प्रदीप तिवारी,कमल ठाकुर, विशाल सिंह (सर्व भाषा बचाओ मंच),राजेंद्र सिंह (सामाजिक एकता मंच),चंद्रिका यादव (जनवितरण प्रणाली संघ) सरजू प्रसाद (एचईसी सेवानिवृत कर्मचारी संघ) महारुद्र सिंह (भाषा बचाओ मंच बोकारो) योगेंद्र शर्मा (घर बचाओ समिति) डा. सत्यप्रकाश मिश्रा (सदान विकास मोर्चा) बीएल पासवान (राष्ट्रीय अंबेडकर सेना) रामकुमार यादव ( श्रीकृष्ण विकास परिषद) सहित कई अन्य संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें:जब आकस्मिक निधि से मंत्रियों की गाड़ी ली जा सकती है तो वृद्धा पेंशन क्यों नहीं दिया जा रहा – विनोद सिंह




