Uncategorized

संघर्ष विराम उल्लंघन पर पाकिस्तान में भारत के उप उच्चायुक्त तलब

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर कथित तौर पर भारत द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन किए जाने को लेकर गुरुवार को इस्लामाबाद में भारत के उप उच्चायुक्त को तलब किया। इस घटना में एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि महानिदेशक मोहम्मद फैसल (साउथ एशिया एंड सार्क डेस्क) ने भारत के उप उच्चायुक्त जे.पी.सिंह को तलब किया और तंदार, सब्जकोट, कुईरत्ता, बारोह, बागसर, खंजार सेक्टरों में 10 तथा 11 मई की रात कथित तौर पर भारत द्वारा किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन की निंदा की।

भारतीय अधिकारी को इस बात से अवगत कराया गया कि ‘जानबूझकर’ नागरिकों को निशाना बनाया जाना निंदनीय और अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकारों व कानूनों का उल्लंघन है।

भारतीय पक्ष से साल 2003 के संघर्ष विराम समझौते का पालन करने, घटना की जांच तथा नियंत्रण रेखा पर शांति बरकरार रखने की अपील की गई।

जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर बीते एक मई को शहीद दो भारतीय जवानों के शवों के साथ बर्बरता के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

पिछले सप्ताह भारत ने पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित को तलब किया और शहीद दोनों भारतीय जवानों के शवों के साथ बर्बरता करने वाले पाकिस्तानी सैनिकों तथा कमांडरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button