Uncategorized

‘अयोध्या में बाबर के नाम पर मस्जिद या स्मारक मंजूर नहीं’

अयोध्या: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विनय कटियार ने बुधवार को यहां कहा कि रामनगरी अयोध्या में बाबर के नाम पर किसी भी प्रकार की मस्जिद या स्मारक कतई स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण के लिए हम कृतसंकल्पित है।

नव संवत्सर के मौके पर अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम में कटियार ने कहा, “मस्जिद का निर्माण तो होगा, लेकिन सरयू नदी के उस पार।”

उन्होंने मस्जिद पर अपनी टिप्पणी में कहा कि बाबर के नाम पर मस्जिद कतई नहीं बननी चाहिए। कटियार ने बाबर को एक लुटेरा बताया और कहा, “अफगानिस्तान में उसकी कच्ची कब्र बनाई गई है, जिसे कोई पूछता भी नहीं। ऐसे में भारत के अंदर अयोध्या में बाबर के नाम पर कुछ राजनीतिक लोग मस्जिद बनाने पर क्यों तुले हैं?”

कटियार ने कहा, “अयोध्या के अंदर मस्जिद बनने से किसी को भी ऐतराज नहीं होना चाहिए। अयोध्या में कई मस्जिदों का निर्माण कार्य जारी है, जिसपर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन अयोध्या में अगर बाबर के नाम पर मस्जिद का निर्माण करवाया जाएगा तो हिंदू समाज इसे नहीं बनने देगा।” उन्होंने कहा कि बाबर के नाम पर कुछ लोग ‘महाजिद’ कर रहे हैं। लेकिन ‘महाजिद’ को अयोध्या के अंदर कभी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

भाजपा नेता ने कहा कि वाराणसी में बाबा विश्वनाथ, मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि और अयोध्या में राम जन्म भूमि बदली नहीं जा सकती है। यह विश्व के करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा हुआ सवाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button