
Ranchi : झारखंड के एकमात्र आईआईटी धनबाद में कैंपस प्लेसमेंट से अब तक के सारे पुराने रिकॉर्ड टूट चुके हैं. प्लेसमेंट सेल की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक अब तक 892 स्टूडेंट्स को नौकरी मिल चुकी है. जबकि 221 कंपनियों से 929 ऑफर मिले हैं. इसमें से 16 अंतर्राष्ट्रीय और 194 स्टार्टअप ने भी ऑफर दिये हैं.
आईआईटी में अभी तक 221 कंपनियों ने कैंपस के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है. इस बार ऑफ कैंपस में सर्वाधिक एक करोड़ और ऑन कैंपस के लिए 50 लाख रुपये का सालाना पैकेज मिला है. आईआईटी प्लेसमेंट डिपार्टमेंट की ओर से मिली जानकारी के अनुसार छात्रों को अभी तक औसतन 19.25 लाख का पैकेज मिला है.
128 छात्रों को 30 लाख से अधिक का पैकेज मिला है. वहीं 10-30 लाख तक का पैकेज पाने वाले छात्रों की संख्या 489 रही. इसी तरह 5-10 लाख तक का पैकेज पाने वालों में 199 छात्र-छात्राएं शामिल रहे. वहीं प्री प्लेसमेंट ऑफर भी इस बार बेहतर रहा. आईआईटी के 137 छात्रों को प्री प्लेसमेंट ऑफर मिला.
आईआईटी धनबाद के बीटेक और पीजी प्रोग्राम के छात्रों को कैंपस प्ले्समेंट के तहत जॉब ऑफर मिल रहे हैं. बीटेक थर्ड ईयर के छात्रों को इंटर्नशिप का ऑफर दिया जा रहा है. अब तक 303 छात्रों को इंटर्नशिप का ऑफर मिल चुका है. इनमें गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेज़न, फ्लिपकार्ट, टाटा स्टील जैसी कंपनियां शामिल हैं. इंटर्नशिप के दौरान इन कंपनियों द्वारा छात्रों को लाखों रुपए का स्टाइपेंड ऑफर किया जा रहा है.




