जुबा: दक्षिण सूडान के राष्ट्रपति सेल्वा कीर ने अपने रक्षामंत्री और सेना प्रमुख को आदेश दिया है कि यदि सशस्त्र बलों का सदस्य महिलाओं और लड़कियों से दुष्कर्म का दोषी पाया जाता है तो उसे सार्वजनिक रूप से प्राणदंड दिया जाए। सरकारी रेडियो और टेलीविजन स्टेशनों पर अपने भाषण के सीधे प्रसारण में कीर ने कहा, “यदि एक सैनिक एक महिला या लड़की से दुष्कर्म करता है, तो सजा के तौर पर सार्वजनिक रूप से उसके सिर में गोली मारी जाए।”
दक्षिण सूडान के नेता ने माना कि इस कदम की मानवाधिकार कार्यकर्ता आलोचना कर सकते हैं, लेकिन यह पूर्वी अफ्रीकी देश में स्थिरता बहाल करने के लिए किया गया है।
कीर ने कहा, “लोगों के पास सुनने के लिए कान और देखने के लिए आंख है। यदि वे देखेंगे या सुनेंगे दुष्कर्मियों व अपराधियों को जान से मारा जाएगा तो वे इस तरह के कार्य बंद कर देंगे।”
उन्होंने येई समुदाय से हिंसा खत्म करने और साल 2016 में घोषित किए गए अपने राष्ट्रीय संवाद की पहल का समर्थन करने का अनुरोध किया। यह पहल इलाके से बड़े पैमाने पर विस्थापन और हिंसा को खत्म करने के इरादे से की गई है।




