JharkhandLead NewsRanchi

झारखंड की पंचायतों में 60 प्रतिशत तक दिख सकती हैं महिलाएं !

‘गांव की सरकार’ में दिखेगा आधी आबादी का रुतबा

Amit Jha

Ranchi : झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के लिए चुनाव की दस्तक होनेवाली है. सरकार दिसबंर के आखिर तक चुनाव कराये जाने का भरोसा दे रही है. राज्य निर्वाचन आयोग चुनावी तैयारियों को तकरीबन अंतिम रूप दे चुका है. उसे राज्य सरकार से हरी झंडी का इंतजार है. सरकार से इजाजत मिलते ही वह अधिसूचना जारी कर देगा.

इस बार चुनाव के बाद राज्य में त्रिस्तरीय पंचायती राज का जो स्वरूप सामने आयेगा, उसमें महिलाओं की हिस्सेदारी 57 से 60 फीसदी तक पहुंच सकती है. झारखंड में लागू पंचायती राज एक्ट के तहत 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के आरक्षित हैं. इसके अलावा इस बार एकल पदों पर महिलाओं के आरक्षण की जो व्यवस्था की गयी है, वह 2010 में हुए चुनाव के पैटर्न पर है. 2010 में तकरीबन 57 प्रतिशत सीटों पर महिलाएं काबिज हुई थीं. इस बार भी चूंकि पैटर्न वही है, इसलिए यह माना जा रहा है कि उनकी हिस्सेदारी कम से कम 57 फीसदी और उससे बढ़कर 60 के आस-पास भी पहुंच सकती है.

इसे भी पढ़ें :  पूर्णिया से कटिहार हाईवे निर्माण में हरियाली बनी बाधा, हाईकोर्ट ने पेड़ों की कटाई पर लगाई रोक

2015 में 4402 पंचायतों के लिए चुनाव हुए थे. इस बार पंचायतों की संख्या पिछली बार की तुलना में 57 कम हो गयी है. अब कुल 4345 के लिए चुनाव कराये जाने हैं.

राज्य निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य के 11 जिलों में अबकी पंचायतों की संख्या कम हुई है. इसकी वजह उनका नगरपालिका में शामिल हो जाना है. इक्का-दुक्का गांव अगर संबंधित पंचायतों के रह गये हैं तो उन्हें निकटवर्ती पंचायतों के साथ जोड़ दिया गया है. 11 जिलों के 24 प्रखंडों में पंचायतों की संख्या घटी है. इनमें सबसे अधिक पश्चिमी सिंहभूम में 5 और पलामू में 4 पंचायतें कम हुई हैं.

इस बार 2010 वाला पैटर्न

झारखंड बनने के बाद 2010 में पहली बार पंचायत चुनाव कराये गये थे. इसके पहले संयुक्त बिहार मेंं 32 साल पहले पंचायत चुनाव हुए थे. 2010 में पंचायती राज एक्ट के तहत 50 फीसदी सीटों को महिलाओं के लिए तय किया गया. इसके अलावा अन्य सीटों पर भी वे जीतकर आयीं. इस तरह से करीब 57 फीसदी सीटों पर उनका जलवा रहा. इसके बाद 2015 में चुनाव हुए. इस वर्ष आरक्षण रोस्टर बदल दिये जाने के कारण पंचायतों में महिलाओं की हिस्सेदारी का ग्राफ गिरा. जिला परिषद सदस्य की सीटों में 51.56 फीसदी, पंचायत समिति में 52.06, मुखिया में 51.89 और वार्ड सदस्यों की 52.7 फीसदी सीटों पर महिलाएं जीतकर आयीं.

इसे भी पढ़ें :  क्लास छोड़कर गोलगप्पा खाने की सजा, प्रिंसिपल ने छात्र को बालकनी में उल्टे पैर लटकाया

इस बार 2010 की तरह का आरक्षण रोस्टर लागू हुआ है. जिला परिषद की 536 सीटों में से 39 सीटों को एससी वर्ग की महिलाओं, 96 पर एसटी महिलाओं को चुना जाना है. इसी तरह ओबीसी महिलाओं के लिए 52 और सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 107 सीटें आरक्षित हैं. पंचायत समिति प्रमुख की 234 सीटों में से 143 सीट, पंचायत समिति सदस्य की 5341 में से 2912, मुखिया की 4345 में से 2330 औऱ वार्ड सदस्य की 53479 में 30631 सीटों पर महिलाओं का ही दिखना तय है. कुल मिलाकर 63965 सीटों में कम से कम 56.78 फीसदी पर महिलाएं तो होंगी ही.

…लेकिन पतियों का ही है प्रभुत्व

पंचायती राज कानून के विशेषज्ञ बलराम कहते हैं कि भले ही पंचायतों में आधी से अधिक सीटों पर रिकॉर्ड संख्या में लगातार तीसरी बार महिलाएं नजर आने वाली हों पर अब भी सशक्तीकरण का सफर लंबा है. अब भी महिलाएं पति के चंगुल से पूरी तरह बाहर नहीं आ सकी हैं. हालांकि धीरे-धीरे ही सही, इसमें सुधार हो रहा है. विधानसभा ले लेकर उच्च सदन तक भी महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ावा मिले तो असल बात बनेगी. पंचायतों की बदलाव की असल तस्वीर भी तभी दिखेगी जब 100 फीसदी सीटों पर महिलाओं की हिस्सेदारी हो.

सिर्फ संख्या बढ़ना नहीं है काफी

सामाजिक कार्यकर्ता और महिलाओं के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रही दयामनी बारला कहती हैं कि पंचायतों में केवल संख्या बढ़ाने से महिला सशक्तीकरण की बात नहीं होने वाली. सरकार अपनी पीठ खुद ही थपथपाती रहती है. दो टर्म पंचायत चुनाव हुए. 2010 से अब तक विधानसभा चुनाव भी राज्य में हुए. कितने दलों ने पंचायत से लेकर जिला परिषद तक अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाने वालों को प्रोत्साहित किया. अभी तो स्थिति यह है कि गांव में एक शौचालय तक बनाने का पावर मुखिया के पास नहीं.

इसे भी पढ़ें : बिगड़ रहे हालातः देश में 24 घंटे में कोरोना से मरने वालों की संख्या 800 के पार पहुंची, जानें-कितने संक्रमित मिले

Related Articles

Back to top button