रांची: रांची नगर निगम के आयुक्त ने सोमवार को निगम कार्यालय स्थित अपने कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जल बोर्ड की उपलब्धियां बतायी और रेन वाटन हार्वेस्टिंग की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वित्तीय वर्ष में जल बोर्ड ने टैक्स कलेक्शन में बड़ी उपलब्धि हासिल की है जिसकी बदौलत 340 मुहल्लों में 60 टैंकर के माध्यम से जलापूत्र्ति की जा रही है। उन्होंने कहा 1 जनवरी, 2016 से अब तक 460 नये चापानल लगवाये गये हैं। 282 छोटे एचवाईडीटी और 26 बड़े एचवाईडीटी स्थापित करवाये गये। श्री कुमार ने बताया कि वर्ष 2013—14 में जल बोर्ड ने 2.67 करोड़ रुपये टैक्स वसूला था जो वर्ष 2014—15 में बढ़कर 3.04 करोड़ हो गया। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने वर्ष 2015—16 में 6.189 करोड़ रुपया जल कर के रूप में वसूला है जो एक बड़ी उपलब्धि है।
श्री कुमार ने बताया कि निगम ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की समय सीमा 31 मई से बढ़ाकर 15 जून कर दी है। इस तिथि के बाद करदाताओं से जुर्माना वसूला जायेगा जो होल्डिंग टैक्स का डेढ़ गुना है। उन्होंने कहा कि निगम को मिले सुझावों के बाद रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम इंस्टॉल करने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए निगम घर घर जाकर पंपलेट बांटेगा। श्री कुमार ने बताया कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग इकाई स्थापित करने के लिए एजेंसियों को इंपैनल किया गया है। लोग इन एजेंसियों की मदद से अपने घरों में यह इकाई स्थापित करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी भवनों में इसे स्थापित करने के लिए विभागों को पत्र भेजा गया है।




