
Bokaro : पेटरवार ब्लॉक के कोह पंचायत के 17 ग्रामीणों ने पीएम आवास योजना में रिश्वत लिये जाने की शिकायत की है. काटमकुलही गांव के इन ग्रामीणों ने न्याय के लिए ब्लॉक प्रमुख सीमा देवी के पास फरियाद लगायी. संतोष रजवार, बरजू रजवार सहित अन्य ग्रामीणों ने पंचायत सेवक भरत लाल स्वर्णकार पर आवास निर्माण कार्य में एक हजार से पांच हजार तक का रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए शपथ पत्र के साथ आवेदन दिया. इसमें यह भी कहा है कि आवास के लिए पूछे जाने पर पंचायत सेवक आनाकानी कर रहा है. साथ ही झूठे केस में फंसाने और आवास योजना से नाम हटाने की धमकी दी रही. इस पर सीमा देवी ने कहा कि जरूरतमंद को आवास का लाभ भी मिलेगा. सेवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए भी वे उच्च स्तर पर पहल करेंगी.
इसे भी पढ़ें : रांची मेयर का आरोप : भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए नगर आयुक्त का समर्थन कर रहे कांग्रेसी
काटमकुलही में भी ग्रामीणों ने की शिकायत
इससे पूर्व सीमा देवी ने काटमकुलही गांव का दौरा भी किया. लाभुकों ने बताया कि जिसने रिश्वत दी, उसे सूची में जिओटैग कर पहले दर्शा दिया जबकि सूची के अनुरूप क्रमवार लाभुक को आवास नहीं दिया गया. इस पर सीमा ने लीगल एक्शन लिए जाने का भरोसा दिलाया. इसकी शिकायत अब बीडीओ शैलेंद्र कुमार चौरसिया और डीसी से भी की गयी है.




