
Ranchi: झारखंड में विधायक खरीद-फरोख्त मामले में हाईकोर्ट पीआईएल दायर किया गया है. सोशल एक्टिविस्ट पंकज यादव ने पीआईएल दायर करते हुए मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है. पंकज यादव ने राइट टू वोटर के अधिकारों का हवाला देते हुए कहा है कि झारखंड के माननीय जनता के वोट को पैसों के लिए बेच देते हैं. यह वोटरों के संवैधानिक अधिकारों का हनन है.
इसे भी पढ़ें : पहले NDA की बैठक का बहिष्कार फिर अपने बयान से पलटे मुकेश सहनी, सीएम नीतीश की जमकर की तारीफ
पंकज यादव ने अपनी याचिका में इस बात का उल्लेख किया है कि सन 2005 से झारखंड, लगातार हॉर्स ट्रेडिंग का केंद्र रहा है. विधायक हमेशा सरकार बनाने में और राज्यसभा सदस्य चुनने में खुद को बेचते रहे हैं. अभी भी आधा दर्जन से अधिक माननीय विधायक हॉर्स ट्रेडिंग मामले में फंसे हुए हैं. विधायकों के इस करतूत से झारखंड की जनता हमेशा ठगा महसूस करती रही है.
पीआईएल में इनकम टैक्स, सीबीआई,ईडी, रांची एसएसपी,कोतवाली थाने तथा विधायक जय मंगल सिंह को पार्टी बनाते हुए सीबीआई जांच की मांग की गई है. उन्होंने पीआईएल में आरोप लगाया है कि खुद को बेचने वाले विधायक और खरीदने वाली पार्टी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. मामला इंटर स्टेट का है जिसमें दिल्ली और महाराष्ट्र और यूपी के भी नाम आ रहे हैं इसलिए सीबीआई जांच जरूरी है. साथ ही मामला मनी लॉन्ड्रिंग का भी है. याचिकाकर्ता ने कहा की संलिप्त जो भी किंगपिन है उन पर राजद्रोह का और सरकार को अस्थिर करने का मुकदमा दर्ज होनी चाहिए. अगर इस प्रकरण में सत्ता पक्ष का कोई प्रोपेगेंडा है, जैसा विपक्ष का आरोप है तो उसका भी पर्दाफाश होना चाहिए. याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजीव कुमार ने याचिका दायर की है.
इसे भी पढ़ें : 42 लाख 50हजार के साथ प्राइवेट कंपनी का कर्मचारी लापता, परिजन परेशान




