Uncategorized

भाजपा विपक्ष शासित राज्यों में घोटालों के मुद्दे उठाएगी

नई दिल्ली : भाजपा ने अपने मंत्रियों के इस्तीफे की विपक्ष की मांग के आगे न झुकने का निर्णय लिया है और कांग्रेस व अन्य दलों को घेरने की एक रणनीति बनाई है। इसके तहत भाजपा विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में घोटाले के मुद्दे उठाएगी। भाजपा के एक नेता ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस से कहा, “हमने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और माकपा शासित राज्यों में हुए घोटालों की एक सूची तैयार की है, जिन्हें संसद में उठाया जाएगा। यदि विपक्ष हमारे मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्यसभा की कार्यवाही लगातार बाधित करता है तो हम इन घोटालों को लोकसभा में उठाएंगे।”

नेता ने कहा कि भाजपा सांसद इन घोटालों को या तो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव या अन्य नियमों के तहत उठाएंगे।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास पर सोमवार को भाजपा संसदीय दल की कार्यकारी समिति की एक बैठक में इस रणनीति पर निर्णय लिया गया था।

सूत्रों के अनुसार, घोटालों की इस सूची में पश्चिम बंगाल का शारदा चिटफंड घोटाला, बंगाल में मानव तस्करी, गोवा और असम में रिश्वतखोरी का मामला (जिसमें कथिततौर पर कुछ कांग्रेसी नेता और एक अमेरिकी कंपनी शामिल हैं), केरल का बार व सोलर पैनल घोटाला, उत्तराखंड का बाढ़ घोटाला, हिमाचल प्रदेश का इस्पात घोटाला, और कर्नाटक में किसानों की आत्महत्या सहित अन्य घोटाले शामिल हैं।

सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री द्वय राजीव प्रताप रूडी और मुख्तार अब्बास नकवी को लोकसभा में भाजपा सदस्यों के साथ समन्वय बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि यदि विपक्ष भाजपा शासित मध्य प्रदेश में हुए व्यापमं घोटाले पर चर्चा चाहता है, तो उन्हें अन्य राज्यों में भी मुद्दों पर चर्चा के लिए राजी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को उठाया जाएगा, उनमें गोवा और असम में एक अमेरिकी कंपनी द्वारा रिश्वत लेने में कांग्रेस सरकारों की संलिप्तता, केरल में एलआईसी घोटाला, और भोपाल गैस त्रासदी के आरोपी वारेन एंडरसन व बोफोर्स सौदे के आरोपी ओटावियो क्वात्रोची को देश से बाहर जाने देने की अनुमति जैसे मामले शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button