
RANCHI: अगर आप भी नगर निगम एरिया में रहते है और गलती करते हैं तो जुर्माना भरने को रहे तैयार. रांची नगर निगम अब लोगों को गंदगी फैलाने, अतिक्रमण करने और नियमों का उल्लंघन करने पर राहत देने के मूड में नहीं है. जरा सी चूक हुई तो आपको हजारों रुपए का फाइन ठोंक दिया जाएगा. चूंकि रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम पहले से ज्यादा मजबूत हो गई है. वहीं तीन दर्जन एक्स आर्मी के जवानों को भर्ती किया गया है. जिससे कि अब पूरे रांची में इंफोर्समेंट टीम अभियान चलाकर शहर को साफ और जाम मुक्त बनाने का काम करेगी. बताते चलें कि पहले रांची नगर निगम में दो टीमें काम कर रही थी. अब जवानों के आ जाने से 8 टीमें तैयार होने की संभावना जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें : RJD ने मंत्रिमंडल विस्तार पर ली चुटकी, कहा- खराबी इंजन में है और सरकार डिब्बे बदल रही
रात में भी चलाया जाएगा अभियान
सिटी को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम की इंफोर्समेंट टीम रात में भी अभियान चलाएगी. रोड साइड दुकान लगाने वालों की गुमटी, ठेला, कुर्सी-मेज आदि सामान रात में जब्त किए जाएंगे. इसके लिए 36 इंफोर्समेंट अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है. अधिकारियों का कहना है कि इंफोर्समेंट में जवानों के आ जाने के बाद नगर निगम राजधानी में 24 घंटे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा जाएगा. रोड किनारे झोपड़ी या पान गुमटी लगाकर अतिक्रमण किए जाने के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं. इससे जाम की समस्या से लोग जूझ रहे है.
17 लोगों की टीम कर रही थी काम
इंफोर्समेंट टीम के गठन के बाद से 17 लोगों की टीम काम कर रही थी. दो शिफ्ट में ये टीमें पूरी सिटी को कवर नहीं कर पा रही थी. वहीं एक टाइम में दो जगहों पर पहुंच पाना भी टीम के लिए संभव नहीं था. अब 36 लोगों के आने के बाद यह टीम 53 जवानों की हो जाएगी. जिससे कि अलग-अलग टीम बनाकर पूरे शहर को कवर कर लिया जाएगा.
क्या काम करेगी इंफोर्समेंट टीम
- गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई
- अतिक्रमण को खाली कराना
- रोड साइड दुकानों को हटाना
- ट्रैफिक के साथ मिलकर नो पार्किंग गाड़ियों का चालान
- टो अवे जोन से गाड़ियां जब्त करना
- बिना लाइसेंस हॉस्टल लॉज पर एक्शन
- बैंक्वेट और मैरेज हॉल पर नियम उल्लंघन पर कार्रवाई
- होल्डिंग टैक्स बकाए दरों पर एक्शन
- बिना ट्रेड लाइसेंस के कारोबार करने वालों पर एक्शन
- ओपन यूरिनेशन पर जुर्माना
- खुले में शौच जाने पर फाइन




