
Ranchi: भारतीय महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने रविवार को तीरंदाजी विश्व कप के व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता. विश्व कप में यह उनका तीसरा स्वर्ण पदक है. दीपिका ने 28 अंकों के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा किया.
दीपिका ने इससे पहले अपने पति अतनु दास के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर को 5-3 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था.
इससे पहले दीपिका, अंकिता भगत और कोमोलिका बारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेक्सिको पर 5-1 की आसान जीत से स्वर्ण पदक अपने नाम किया था.
उक्त तीनों सफलताएं दीपिका को महज पांच घंटे के अंदर मिली हैं.
इसे भी पढ़ें : BIT मेसरा की रिसर्च स्कॉलर शोमैला खानम और स्वधिनी किलोय के पेपर टॉप 100 रिसर्च अवॉर्ड में चयनित
रिकर्व में तीन स्वर्ण जीतने वाला दूसरा देश बना भारत
दक्षिण कोरिया के बाद भारत दूसरा देश बन गया है जिसने तीन स्वर्ण पदक रिकर्व में जीते हैं. रिकर्व व कंपाउंड मिलाकर भारत के धनुर्धरों ने ओलंपिक से ठीक पहले पेरिस में खेले गये विश्वकप के तीसरे चरण में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चार गोल्ड जीते.
दीपिका, कोमोलिका एवं अंकिता को स्वर्ण पदक जीतने पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने दी बधाई

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पेरिस में चल रहे विश्व कप तीरंदाजी में दीपिका के एकल रिकर्व में, दीपिका कुमारी एवं अतनु दास के मिश्रित युगल रिकर्व और महिला रिकर्व में दीपिका के साथ कोमोलिका एवं अंकिता के स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी है.
मुंडा ने कहा कि आज का दिन भारतीय तीरंदाजी के लिए स्वर्णिम था. आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात में दीपिका और प्रवीण जाधव जैसे तीरंदाजों के संघर्ष का जिक्र कर रहे थे, उस समय दीपिका स्वर्ण पदक पर निशाना साध रही थीं. मुंडा ने आशा व्यक्त की है कि तोक्यो ओलम्पिक में भी भारतीय खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन होगा.
इसे भी पढ़ें :BIG BREAKING : Ranchi की दीपिका के नेतृत्व वाली महिला रिकर्व टीम ने वर्ल्ड कप में गोल्ड पर साधा निशाना




