
New Delhi : पश्चिमी देशों में सार्वजनिक स्थानों पर भी चुंबन लेना आम बात है, लेकिन आज कोरोना महामारी के कारण स्थितियां काफी बदल गयी हैं. आज के दौर में चुंबन लेना भी काफी महंगा पड़ रहा है. ताजा वाकया ब्रिटेन के कैबिनेट मंत्री मैट हैनकॉक का है. उन्होंने शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय से इस्तीफा दे दिया. उन पर आरोप लगा है कि उन्होंने अपनी एक नजदीकी सहयोगी का चुंबन लेकर कोविड-19 नियमों को तोड़ा था, जिसके बाद से उन पर त्यागपत्र देने का दबाव था.
हैनकॉक ने चुंबन लेने की बात स्वीकार भी की थी. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को लिखे पत्र में हैनकॉक ने कहा कि सरकार उन लोगों की ऋणी है जिन्होंने इस महामारी में बहुत कुछ खोया है.
इसके साथ ही मंत्री ने घर से बाहर रहने पर सामाजिक दूरी का पालन करने के सरकारी नियमों का उल्लंघन करने पर दोबारा माफी मांगी. ट्विटर पर साझा किए गए वीडियो में हैनकॉक ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा सौंपने गया था.
इसे भी पढ़ें :AIR FORCE STATION जम्मू में IED के दो विस्फोट, ड्रोन के इस्तेमाल से पाकिस्तान पर शक
बोले, हमें नियमों का पालन करना चाहिए
उन्होंने कहा कि मैं समझ सकता हूं कि इस देश में सभी ने बहुत कुछ खोया है और हमारे जैसे लोग जो नियम बनाते हैं उन्हें इसका पालन करना चाहिए इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया. इससे पहले 42 वर्षीय कंजर्वेटिव नेता को सीसीटीवी कैमरा से प्राप्त चित्र में अपने कार्यालय में सांसद जिना कोलाडैंगलो (43) का चुंबन लेते हुए देखा गया था. कोलाडैंगलो हैनकॉक की पुरानी मित्र और सहयोगी हैं.
इसे भी पढ़ें :कर्मियों को चेतावनीः 10 बजे के बाद कार्यालय आयें तो होंगे टर्मिनेट




