
- न्यूज विंग के पत्रकार सोहन सिंह के ट्वीट के बाद कुणाल षाड़ंगी ने की सार्थक पहल
Ranchi : झारखंड के डालटनगंज की रहनेवाली 17 वर्षीया समृद्धि उत्कर्ष की जिंदगी की जंग जारी है. उसके लिए देश के प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद महिंद्रा सहित कई लोग आगे आये हैं. समृद्धि कोरोना संक्रमित है. उसके लंग्स का संक्रमण बेहद गंभीर हो गया है.
डॉक्टरों ने उसे एक्मो मशीन का सपोर्ट देने की जरूरत बतायी है. पूरी रांची में मात्र एक एक्मो मशीन है. मेडिका हॉस्पिटल में उपलब्ध यह मशीन एक मरीज को पहले से लगी है.

ऐसे में एकमात्र उपाय है कि समृद्धि को एयरलिफ्ट कर कोलकाता या किसी दूसरे बड़े शहर के ऐसे हॉस्पिटल में ले जाया जाये, जहां एक्मो मशीन का सपोर्ट उपलब्ध हो पाये. उसके इलाज में कम से कम 50 लाख का खर्च अनुमानित है.
इसे भी पढ़ें :जामताड़ा में मिला ब्लैक फंगस का मरीज, रिम्स लाया गया
समृद्धि के भाई अमर्त्य पुष्प की यह अपील न्यूज विंग के वरिष्ठ पत्रकार सोहन सिंह ने बहरागोड़ा के पूर्व विधायक और भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी तक पहुंचायी और इसके बाद कुणाल ने प्रधानमंत्री सहित उद्योगपति आनंद महिंद्रा और कई अन्य शख्सियतों को ट्वीट किया. आनंद महिंद्रा की ओर से कुछ ही देर बाद सकारात्मक जवाब आया.
उन्होंने समृद्धि की मदद के लिए कांटैक्ट डिटेल्स मांगा और 24 घंटे के अंदर उसके भाई अमर्त्य के अकाउंट में 10 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर कर दी. इसके बाद कई और लोग आगे आये.
क्राउड फंडिंग साइट ketto.org पर समृद्धि के भाई ने फंड रेजिंग की अपील डाली तो कुछ और लोग मदद के लिए आगे आये हैं. पर यह जंग बड़ी है और इसमें 17 साल की बेटी की जीत हो, इसके लिए अभी और सहायता की दरकार है. जाहिर है, यह तभी मुमकिन होगा जब मदद के कई हाथ उठेंगे.

समृद्धि फिलहाल रांची के आलम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में वेंटिलेटर सपोर्ट पर है. उसका एसपीओटू (ऑक्सीजन) लेवल 70-72 तक पहुंच गया है. समृद्धि को एयरलिफ्ट कर कोलकाता या दिल्ली ले जाना और एक्मो मशीन का सपोर्ट दिलाना अभी भी बड़ी चुनौती है.
कुणाल षाड़ंगी की पहल और आनंद महिंद्रा की ओर से आयी एक बड़ी मदद के बाद जिंदगी की इस जंग में उम्मीद का एक चिराग जरूर रोशन हुआ है.
समृद्धि की जिंदगी की इस लड़ाई में जो लोग मदद करना चाहें, वो इस अकाउंट में सहयोग राशि भेज सकते हैं-
Name : AMARTYA PUSHP ACC : 501-003-08144675 IFSC : HDFC0001743 Bank : HDFC BANK PhonePe/ Gpay : 7091115078
इसे भी पढ़ें :कोरोना से जंग : महाराष्ट्र को प्रतिदिन 3,000 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत – मुख्यमंत्री




