Uncategorized

कश्मीर : कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

श्रीनगर : जम्मू एवं कश्मीर के 18 विधानसभा सीटों पर चौथे चरण के तहत कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। घाटी में सर्द मौसम की वजह से श्रीनगर, अनंतनाग और शोपियां जिले में फैले मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या काफी कम देखी जा रही है।

18 विधानसभा सीट घाटी की तीन और जम्मू के एक जिले सांबा में फैले हुए हैं।

सुबह आठ बजे मतदान केंद्र खुलने के बाद श्रीनगर के आमिरा कडाल सीट के एक मतदान केंद्र पर सिर्फ दो मतदाता नजर आए।

श्रीनगर शहर के बाटमालू सीट के एक मतदान केंद्र पर सिर्फ चार मतदाता मतदान करने के लिए पहुंचे।

सुबह ईदगाह, हब्बा कडाल, खानयार और हजरतबल में मतदान प्रतिशत काफी कम रहा, लेकिन मतदान अधिकारियों का कहना है दिन बढ़ने के साथ इसमें तेजी आएगी।

अनंतनाग जिले के पहलगाम, डोरु, शांगुस और कोकेरनाग क्षेत्र में सुबह मतदाताओं की संख्या ठीक रही, जबकि शोपियां के दो सीटों के मतदान केंद्रों पर सुबह कम मतदान पड़े।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सोनवर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के मुहम्मद मीर अशरफ हैं।

सोनवर के खिमेर और चट्टरहामा गांवों के मतदान केंद्रों पर मतदाता कतार में लगने शुरू हो गए हैं।

घाटी की 16 और जम्मू की दो सीट पर चुनाव हो रहा है।

अलगाववादियों के मतदान प्रक्रिया को बाधित करने की आशंका के बीच केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं। इनके अतिरिक्त राज्य पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं।

अलगाववादियों ने चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार किया है।

करीब 1,890 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं और 14 लाख से अधिक मतदाता कद्दावर नेताओं उमर, पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद, मंत्री जी.ए.मीर, अली मुहम्मद सागर और पीरजादा सईद सहित अन्य की किस्मत का फैसला करेंगे।

चौथे चरण के मतदान में मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष मुबारक गुल की भी किस्मत तय होगी।

मतदान शाम चार बजे संपन्न हो जाएगा। आईएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button