Uncategorized

ममता बर्दवान विस्फोट जांच पर डाल रहीं पर्दा : अमित शाह

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर बर्दवान विस्फोट में संलिप्तता के आरोप लगाए। शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बर्दवान में हुए विस्फोट मामले की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी (एनआईए) द्वारा की गई जांच पर पर्दा डालने का आरोप भी लगाया।

उल्लेखनीय है कि दो अक्टूबर को बर्दवान के एक घर में हुए बम विस्फोट में बांग्लादेशी आतंकवादियों के शामिल होने का पता लगा है।

शाह ने रविवार को कोलकाता में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि शारदा चिटफंड घोटाला के पैसों का इस्तेमाल बर्दवान विस्फोट में किया गया और तृणमूल आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।

शाह ने कहा, “ममता शारदा घोटाले के आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं, क्योंकि उनकी पार्टी के नेता इसमें शामिल हैं। लेकिन वोट की खातिर बर्दवान विस्फोट के आरोपियों को बचाने की कोशिश कर वह राष्ट्र की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही हैं।”

बर्दवान के खगरागढ़ में स्थित एक मकान में दुर्घटनावश हुए विस्फोट में जमात-उल-मुजाहिदीन के दो आतंकवादी मारे गए थे और एक अन्य आतंकवादी घायल हो गया था।

बर्दवान विस्फोट में भाजपा का हाथ होने के ममता के बयान पर शाह ने उन पर जमकर निशाना साधा।

शाह ने कहा, “जब बर्दवान विस्फोट में लगे रुपयों की जांच की गई तो आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इसमें शारदा घोटाले का पैसा इस्तेमाल किया गया था और इन सबके पीछे तृणमूल का हाथ है।”

शाह ने बर्दवान विस्फोट की पुलिस जांच पर भी सवालिया निशान उठाते हुए कहा, “मैं आपको बताना चाहता हूं कि विस्फोट में मारा गया शकील अहमद इससे पहले भी बम बनाने में शामिल रहा है। बंगाल पुलिस ने उसे तब गिरफ्तार क्यों नहीं किया? जिस नुरूल हसन चौधरी के घर में विस्फोट हुआ वह कौन है?” (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button