
Dumka: सोशल मीडिया पर रविवार से जस्टिस फ़ॉर डॉक्टर मनीष भारती ट्रेंड कर रहा है. फेसबुक से लेकर ट्वीटर तक डॉ मनीष के पक्ष में युवा गोलबंद हो रहे है. डॉ मनीष दुमका के चिकित्सक हैं और निजी क्लिनिक चलाते हैं. शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वर महतो ने डीएम एक्ट एवं आईपीसी की धाराओं के तहत इसी डॉ मनीष भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है. आरोप है कि शनिवार को, एक बैठक में, डॉ मनीष भारती द्वारा कोविड-19 अस्पताल में वेंटिलेटर नहीं चलने की अफवाह फैलायी गयी थी.
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे. बैठक में कहा गया कि डॉ भारती चिकित्सक एवं जिम्मेदार पद पर हैं. जिसके कारण उनकी बातों का समाज में विपरीत असर पड़ सकता है. ऐसे में बिना जानकारी के अनाधिकृत रूप से तथ्यहीन बातों को कहना संक्रमण काल में भय फैलाने के समान है. यह एक दंडनीय अपराध है.
इधर डॉ मनीष ने कहा कि कोविड-19 को लेकर निजी अस्पतालों के संचालकों के साथ उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों की बैठक थी. बैठक में वह डीएमसीएच के आईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर के मसले पर सुझाव देना चाहते थे. लेकिन उनकी बातों का गलत अर्थ निकाला गया. इससे गलतफहमियां उत्पन्न हो गयी.
बैठक के दौरान अपनी बातों को लेकर उन्होंने खेद भी जताया था. इधर आईएमए के जिला सचिव डॉ तुषार ज्योति ने कहा कि वह डॉ मनीष से बात कर वस्तुस्थिति से अवगत होंगे.
वही सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहे जस्टिस फ़ॉर डॉ मनीष भारती के समर्थन में कई यूजर्स ने प्रशासन की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी है. एक यूजर्स ने लिखा है कि दुमका के युवा डॉ पर जिला प्रशासन एफआईआर करेगी, अब समस्याओं के बारे में बोलने से केस! एक यूजर्स ने लिखा कि ऐसा लग रहा हम आज भी गुलाम ही है.
एक यूजर्स ने लिखा कि डॉ मनीष एक नेक दिल समाजसेवी गरीबों के मददगार डॉक्टर है हम सभी इनके साथ हैं. एक यूजर्स ने लिखा है कि कोई भी सरकारी कर्मी अगर जनता के बीच इलाज या सुविधाओं के परिप्रेक्ष्य में अराजकता फैलाये तो उसपर केस दर्ज होना चाहिए. पर अगर अपने शीर्षस्थ से शिकायत करे तो यह उसका कर्तव्य है. ट्वीटर पर भी सीएम सहित अन्य को टैग कर मामले की जानकारी दी गयी है.




