Education & CareerJobs

BPSC ने निकाला असिस्टेंट ऑडिट अफसर की नियुक्ति का विज्ञापन, 15 मई तक करें आवेदन

Ranchi : बिहार ऑडिट सर्विसेस के तहत बिहार में असिस्टेंट ऑडिट अफसर की बहाली की जायेगी. यह बहाली बिहार लोकसेवा आयोग की ओर से की जायेगी. इसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है. विज्ञापन, योग्यता, आवेदन की प्रक्रिया सहित अन्य जानकारी बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.nic.in में लॉग इन कर ली जा सकती है.

138 पदों पर होगी नियुक्ति

बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से राज्य सरकार में वित्त विभाग के ऑडिट डायरेक्टोरेट में नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. नियुक्ति के लिए कुल पदों की संख्या 138 है. इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.nic.in पर 17 अप्रैल से शुरू होगी. आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई 2021 निर्धारित की गयी है. कुल 138 पदों में 54 अनारक्षित हैं. 14 इडब्ल्यूएस, 22 एससी, 02 एसटी, 25 एमबीसी, 17 ओबीसी और 4 पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए रिजर्व है.

योग्यता

कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, स्टैटिस्टिक्स व मैथ्स में से किसी एक में बैचलर डिग्री या एमबीए (फाइनेंस), सीए या आईसीडब्ल्यूए और सीएस डिग्रीधारी भी इसके लिए आवेदन कर सकेंगे. शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र 15 मई 2021 से पहले के होने चाहिए.

आयु सीमा

सामान्य वर्ग के लिए 21 से 37 वर्ष निर्धारित है. आयु की गणना 1 अगस्त 2020 से की जायेगी. आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को लिए अधिकतम आयु सीमा में छूट का भी प्रावधान किया गया है. राज्य के ओबीसी/एमबीसी (पुरुष व महिला) एवं सामान्य वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष और एससी, एसटी (पुरुष एवं महिला) उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित की गयी है.

चयन

उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा. प्रारंभिक परीक्षा सामान्य अध्ययन विषय की होगी जिसके सभी प्रश्न ऑब्जेक्टिव टाइप और मल्टीपल च्वॉइस होंगे. परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी और कुल अंक 150 होंगे. प्रारंभिक परीक्षा का वही सिलेबस होगा जो संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का होता है. मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जायेगा जो कि 150 अंकों का होगा. फाइनल मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा व इंटरव्यू में प्राप्तांकों को जोड़ कर निकाला जायेगा.

आवेदन फीस

परीक्षा में शामिल होने के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को 600 रुपये, बिहार के एससी, एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 150 रुपये, बिहार की महिलाओं के लिए 150 रुपये, दिव्यांग के लिए 150 रुपये और अन्य आवेदकों के लिए 600 रुपये है.

Related Articles

Back to top button