Uncategorized

भिखारिन की मौत के बाद पता चला करोड़ों की मालकिन थी

जेद्दा: भिखारी का नाम लेते ही बेचारगी और गरीबी का भाव आता है। लेकिन सऊदी अरब के शहर जेद्दा की भिखारन के पास तो करोड़ों मिले। ईशा नाम की 100 साल की भिखारिन की मौत के बाद उसके पास से करीब 6 करोड़ की संपत्ति मिली है। इस संपत्ति में सोने के सिक्के, जूलरी और कुछ प्रॉपर्टी भी है। गौरतलब है कि यह भिखारिन अंधी थी और उसने जेद्दा शहर में 50 वर्षों तक भीख मांगने का काम किया।

भिखारिन की जेद्दा शहर के अल-बलाद डिस्ट्रिक्ट में चार मकान निकले, जिनकी कुल कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है। इसके अलावा महिला के पास 2 करोड़ रुपये की जूलरी और सोने के सिक्के भी मिले हैं। सऊदी गजट के मुताबिक, ईशा के साथ भीख मांगने वाले अहमद-अल-सईदी ने बताया कि उसका कोई रिश्तेदार नहीं था।

उसने वसीयत में लिखा था कि सारा पैसा और प्रॉपर्टी गरीबों में बांट दी जाए। सईदी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को इस बारे में बताया है लेकिन उनकी तरफ से कोई संदेश नहीं आया।

सईदी ने बताया कि मां और बहन की मौत के बाद उनकी प्रॉपर्टी भी ईशा को मिल गई थी और जब उन्हें पता चला कि ईशा करोड़पति है, तो उन्होंने उसे भीख मांगने का काम छोड़ने को कहा, लेकिन उसने कहा कि वह अपने बुरे वक्त के लिए इसे जमा कर रही है।

जो परिवार ईशा के मकानों में रह रहे हैं उन्होंने बताया कि उसने कभी उन लोगों से किराया नहीं लिया। हालांकि यह नहीं पता चला कि अब उन्हें वहां से निकाला जाएगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button