
Ranchi: राजधानी रांची में झपटमारी की वारदात लगातार बढ़ रही है. इसे देखते हुए रांची पुलिस ने बढ़ती वारदात को रोकने के लिए अनुसंधान और विश्लेषण विंग की टीम का गठन किया गया है. टीम की अगुवाई सदर डीएसपी करेंगे. पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में हुए पिछले एक साल में हुई चोरी, लूट, डकैती और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधियों का डेटा तैयार करने में जुट गयी है. पुलिस ब्लैकस्पॉट को भी चिन्हित करेगी और पता लगाने की कोशिश करेगी कि चोरी और छिनतई की घटना किन स्थानों पर और किस समय सबसे अधिक हुई है. जिससे पता चल पाएगा कि कौन सा गिरोह किन थाना क्षेत्रों में एक्टिव है.
प्रमुख वारदात जिसकी खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर सकी
1.. 8 जुलाई 2020 को एक पुलिसवाले को ही लुटेरों ने लूट लिया था. अपराधियों ने बरियातू थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया था. सिल्ली थाने में पोस्टेड एएसआई सुरेश ठाकुर से बाइक सवार अपराधियों ने दो लाख रुपए छीन लिया था. जिसकी खुलासा पुलिस आज तक नहीं कर सकी.
2… 20 दिसंबर 2020 को रांची के वीवीआइपी जोन माने जाने वाले कचहरी रोड और कोतवाली थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप में लूट का प्रयास किया था. स्कूटी पर सवार दो अपराधियों ने पिस्टल के बल पर पेट्रोल पंप कर्मी से लूट की कोशिश की थी लेकिन आज तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.
3… 30 जनवरी 2021 को शाम कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से साढ़े तीन लाख रुपए लूट की घटना को अंजाम दिया गया. लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.




