
Ranchi : कांके डैम के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण करने वाले 97 लोगों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई शुरू हो गयी है. मंगलवार को दो सीओ (हेहल और रातू), अनुमंडल मजिस्ट्रेट और सुखदेव नगर थाना प्रभारी की मौजूदगी में प्रशासन ने यह कार्रवाई शुरू की.
अभियान के पहले दिन ही प्रशासन ने हेहल अंचल के सरोवर नगर के 53 घरों पर बुलडोजर चलाया. इस दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गयी थी. सरोवर नगर के बाद प्रशासन की टीम बहुत जल्द कठरगोंदा और अन्य कैचमेंट एरिया में कार्रवाई करेगी. इस दौरान प्रशासन जल्द ही जमीन को खाली कराएगा.
बता दें कि कांके डैम के पूर्वी और दक्षिणी छोर पर सबसे ज्यादा अतिक्रमण किया गया है. डैम किनारे के लेक एवेन्यू, कटहल गोंदा और सरोवर नगर समेत आसपास के दूसरों मुहल्लों में सबसे ज्यादा अतिक्रमण किया गया है. लेकिन जानकारी होने और छह माह पहले नोटिस थमाये जाने के बावजूद आजतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
हेहल सीओ का कहना है कि कांके डैम के अतिक्रमण को लेकर हाइकोर्ट में पीआइएल दाखिल है. उसी के आलोक में प्रशासन ने बीते एक साल पहले ही कैचमेंट एरिया के जमीन की नापी करायी थी.
नापी के बाद कांके डैम के अधिग्रहण क्षेत्र का जिन्होंने अतिक्रमण किया है, वैसे घरों को चिन्हित कर नोटिस दिया गया था. नोटिस भेजे जाने के बाद भी अतिक्रमण करने वाले लोगों ने अपने घर को खाली नहीं किया. इसके बाद ही आज ऐसे घरों पर प्रशासन कार्रवाई कर रहा है.
इसे भी पढ़ें : कमिटी बना कर ही कार्यकर्ताओं को किया गया खुश, नहीं हो सका है बीस सूत्री और निगरानी समिति का बंटवारा
मजिस्ट्रेट सहित 200 जवानों की हुई थी प्रतिनियुक्ति
कांके डैम के अतिक्रमणमुक्त कराने के अभियान को लेकर प्रशासन ने जब कार्रवाई शुरू की, तो करीब 200 पुलिस जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया था.
अभियान में सुखदेव नगर, गोंदा, पंडरा ओपी के थानेदार भी अभियान में थे. वहीं जिन लोगों को जिला प्रशासन ने नोटिस दिया था, उसमें हेसल मौजा के 53, नवा सोसो के 12 और कटहल गोंदा के 34 लोग शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : जिला प्रशासन ने कृषि प्रदर्शनी सह किसान संगोष्ठी का आयोजन किया, मंत्री बादल पत्रलेख हुए शामिल




