
Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा के लिये विज्ञापन जारी कर दिया है. 15 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन भरे जाने हैं. इसके लिये अप्लाई करने की प्रक्रिया शुरू है. लाखों कैंडिडेट सातवीं से 10वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कामयाबी के लिये जोर आजमाइश करेंगे. पर उनके लिये एक बड़ा मसला यह खड़ा होने लगा है कि जेपीएससी ने 2 मई को प्रारंभिक परीक्षा लिये जाने का डेट दिया है. सितंबर में मुख्य परीक्षा लिये जाने की भी सूचना है.
इसे भी पढ़ें :कोल इंडिया के अध्यक्ष की पहल, कोयले की गुणवत्ता में सुधार के लिए नई तकनीक पर बल
जेपीएससी ने कैंडिडेट के लिये तो रास्ता खोल दिया पर कठिन समझी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा में बिना टूलकिट कैसे कामयाबी मिलेगी. कोचिंग संस्थान, लाइब्रेरियों में ताले लगे पड़े हैं. ऐसे में 3 महीने से भी कम समय के भीतर पीटी एग्जाम कैसे क्लियर हो सकेगा. इसके लिये समय विस्तार किये जाने की मांग उठी है.
कोचिंग संस्थानों की मदद लेते हैं हजारों स्टूडेंट्स
रांची सहित दूसरे जिलों में ऐसे हजारों स्टूडेंट्स हैं जो जेपीएससी परीक्षाओं की तैयारी के लिये कोचिंग संस्थानों की मदद लेते हैं. केवल रांची में ही लगभग 30 कोचिंग संस्थान ऐसे हैं जो सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं. रांची के सबसे पूराने कोचिंग संस्थानों में से एक एडमिनिस्ट्रेटिव कोचिंग इंस्टीच्यूट के प्रमुख डॉ अनिल मिश्रा कहते हैं कि उनके यहां सिविल सेवा परीक्षाओं में बेहतर रिजल्ट पाने को राज्यभर से स्टूडेंट्स आते थे.
इसे भी पढ़ें :आजाद भारत में पहली बार महिला को दी जायेगी फांसी, सात परिजनों को कुल्हाड़ी से काट डाला था
सृजन सिविल सर्विसेज सेंटर के निदेशक और झारखंड कोचिंग संस्थान के प्रमुख सुनील जायसवाल के मुताबिक उनके यहां हर साल औसतन 150 स्टूडेंट्स सिविल सेवा के लिये कोचिंग की मदद लेते थे. पिछले साल कोरोना संकट के कारण कोचिंग संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी हुआ जो अब भी जारी है. अब इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा का समय आ गया है. इसे देखते हुए सरकार को कोचिंग संस्थानों को खोले जाने पर गंभीरता दिखानी चाहिये. इसके अलावा रांची और दूसरे शहरों में जो सरकारी-गैर सरकारी लाईब्रेरी है, उसे भी खोला जाना चाहिये.
महानगरों से सस्ता है रांची में कोचिंग
झारखंड कोचिंग इंस्टीट्यूट के अनुसार राज्यभर में 10 हजार से अधिक कोचिंग संस्थान हैं. केवल रांची में ही लगभग 4000 कोचिंग इंस्टीट्यूट हैं. इनमें से लगभग 25 ऐसे हैं जो विशेष तौर पर सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं. जो स्टूडेंट्स सक्षम परिवारों से आते हैं, वे तैयारियों के लिये महानगरों में चले जाते हैं. दिल्ली, मुंबई और दूसरे जगहों पर इसके लिये वे 2-3 लाख तक देने को तैयार रहते हैं. पर रांची में 20-25 हजार में इसे किया जा सकता है. ऐसे में कई जरूरतमंद स्टूडेंट्स ऐसे हैं जो रांची या बोकारो, जमशेदपुर जैसे शहरों में रहकर कोचिंग संस्थानों की मदद लेते हैं.
क्या कहते हैं कैंडिडेट
पहली जेपीएससी से परीक्षा दे रहे कैंडिडेट शफी इमाम कहते हैं कि जो विज्ञापन जारी हुआ है, उस पर सरकार को और भी गंभीरता और जवाबदेही दिखाने की जरूरत है. दूसरा कि 2019 के बाद का जाति, आवासीय औऱ अन्य तरह के प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं. ऐसे में कई कैंडिडेट तो इसी फेर में अपने अपने जिलों में दौड़ भाग कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें :मंत्री जगरनाथ महतो ने गडकरी को सौंपा मांग पत्र, गिरिडीह में सड़कों की दशा सुधारने की मांग
मार्च महीने तक तो आवेदह भरने की प्रक्रिया में ही वे उलझे रहेंगे. इसके एक डेढ़ महीने बाद मई में पीटी में शामिल होना बेहद अव्यवहारिक है. परीक्षा के लिये जो लंबा चौडा सिलेबस जारी हुआ है, वह एक किताब के बराबर है. ऐसे में पीटी के लिये भी नोट्स, किताब का इंतजाम करना कठिन काम है. कोरोना काल में यूं भी स्टूडेंट्स की पढ़ाई डिस्टर्ब रही. कॉलेज, यूनिवर्सिटी के साथ साथ कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरियों में ताले लगे रहे. अब कोचिंग संस्थानों को खोले जाने की जरूरत है. साथ ही पीटी एग्जाम के लिये मई की बजाये आगे और 3-4 महीने का समय बढ़ाया जाये.




