रांची : चैम्बर चुनाव नजदीक आते ही चहलकदमियां बढ़ने लगी हैं। इस बार फेडरेशन ऑफ झारखंड़ चैम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे विकास सिंह का चुनाव दफ्तर हरमू रोड़ स्थित मंगल मूर्त्ति टावर में खुला। यहां जमा हुए दशकों से चैम्बर से जुड़े लोगों ने विकास सिंह दल को समर्थन देने का आश्वासन दिया है।
विकास सिंह ने भी इस मौके पर साफ किया कि वो किसी खास सेक्शन से संबंध नहीं रखते बल्कि सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। विकास सिंह नब्बे के दशक से झारखंड़ चैम्बर से जुड़े रहे हैं। दफ्तर उद्घाटन के बाद वर्त्तमान अध्यक्ष रंजीत टिबड़ेवाल की अध्यक्षता में सभा का आयोजन हुआ। विकास सिंह गुट के कुछ नाम प्रेस के लिए जारी किए गये। इनमें अंजलि जैन, आनंद गोयल, आशीष भाटिया, विकास सिंह, दीनदयाल वर्णवाल, हर्ष ठक्कर, कुणाल आजमानी, प्रवीण छाबड़ा, प्रदीप जैन, रतन मोदी, शरद पोद्दार, शतेन्द्र पोद्दार, श्याम सुन्दर अग्रवाल, विनय अग्रवाल, तुलसी पटेल व कुछ अन्य लोगों के नाम बताये गये।
इस अवसर पर के के पोद्दार, रंजीत टिबड़ेवाल, विनोद प्रसाद, नवल कुमार, जेसिया अध्यक्ष अरूण खेमका, पवन शर्मा, आर डी सिंह, कमल जैन व अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने विकास सिंह की टीम को शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने कई सुझाव भी दिए। मालूम हो कि चैम्बर चुनाव 30 सितंबर का होना है। इससे पहले कार्यकारिणी की बैठक बुलायी गयी है।
इस मौके पर विकास सिंह ने कहा कि बीस दिन का समय बचा है और हमारी कोशिश होगी की हम सभी मतदाताओं तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि हमारे सदस्य और टीम काफी उत्साहित हैं और हम उम्मीद करते हैं कि हमारी टीम के 21 सदस्य जीत हासिल करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि हमने चैम्बर का अंग बनकर बहुत कुछ करके दिखाया है। हम निगेटिव में नहीं जाना चाहते।




