रांची : समाजवादी पार्टी (सपा) चाहती है कि झारखंड़ में हथियार थामने से पहले युवाओं को लैपटॉप देकर बदलाव की नयी शुरूआत हो। झारखंड़ में प्रदेश स्तर पर पहली बार आयोजित एक दिवसीय कार्यकर्त्ता सम्मेलन में सपा की तरफ से ये घोषणा की गयी।
झारखंड़ के राजकीय अतिथि घोषित किए गये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव ने कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा और राज्यसभा चुनाव में सपा नयी ताकत बनकर उभरेगी। इस दौरान उन्होंने झारखंड़ नहीं आने का कारण बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीतिक व्यस्तता की वजह से वो नहीं आ सके पर आगे झारखंड़ के हर मुद्दे पर संगठन के साथ खड़े होंगे।
अखिलेश ने इस मौके पर उत्तर प्रदेश की उपलब्धियां भी गिनवायीं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि झारखंड़ में बजट का पूरा पैसा खर्च नहीं हो पाता। राज्य की कमजोरी बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल तीन विधायक दूसरे कमरे में चले जाएं तो समझ आ जाता कि नयी सरकार बनने वाली है। आगे उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीतिक पार्टियां चुनाव से पहले विशेष राज्य का दर्जा मांग रही है जिसे केन्द्र ने ठुकरा दिया है। यादव ने कार्यकर्त्ताओं को बताया कि झारखंड़ में सपा की सरकार बनती है तो कारखाने लगाकर व्यापारियों को आगे बढायेंगे।
मोरहाबादी मैदान में बनाये गये इस पंडाल वाली जगह पर एक समय भाजपा के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपयी की सभा हुई थी। बाद में बहुत कम मौकों पर राजनीतिक कार्यक्रम के लिए इस जगह का उपयोग हुआ। झारखंड प्रदेश प्रभारी काशीनाथ यादव ने कहा कि सपा झारखंड़ में काफी तेजी से बुथ कमिटी का गठन कर रही है। युवा सेना की फौज तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांधी के सपनों को पूरा करने वाली कांग्रेस खुद उनके विचारों की हत्या कर रही है। कार्यक्रम के बीच में रांची के अलग अलग मस्जिद के मौलानाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में बंगाल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजय भदुरिया, बिहार के प्रदेश प्रभारी रामचन्द्र सिंह यादव, सपा के राष्ट्रीय सचिव दिगंबर मेहता व हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्त्ता मौजूद थे। सभी ने पारा शिक्षकों को दिए जानेवाले कम मानदेय का मुद्दा उठाया, स्थानीयता नीति पर लोगों को बांटने की साजिश का विरोध किया गया, विशेष राज्य का दर्जा दिलवाने की बात कही गयी।
अखिलेश यादव ने जो बातें कहीं उनमें –
– उत्तर प्रदेश में गरीब को सरकारी अस्पताल में निशुल्क इलाज की व्यवस्था।
– अस्पताल में दवाई मुफ्त का निशुल्क वितरण।
– महिलाओं को दो दो साडियां मुफ्त देने की योजना।
– बच्चों के शिक्षा की उचित व्यवस्था।
– लड़कियों के लिए राज्य में निशुक्ल शिक्षा की व्यवस्था।
– यूपी सरकार लड़कियों को लैपटॉप देगी।
– देश विदेश के तमाम मुद्दे मुलायम सिंह यादव ने लोकसभा में उठाया है।
– महंगाई, बेरोजगारी कांग्रेस की नीतियों से बढ रही है।
– सपा में सेक्युलर सरकार देने की क्षमता।




