मुम्बई | शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के पसंदीदा समाचार पत्र ‘सामना’ (मराठी) और ‘दोपहर का सामना’ (हिन्दी) रविवार को काले रंग के कवर पृष्ठों के साथ प्रकाशित हुए। ठाकरे ने ही ये दोनों समाचार पत्र शुरू किए थे। ‘सामना’ 23 जनवरी, 1988 को शुरू किया गया था। रविवार को इसके दो मुख्य कवर पृष्ठ काले रंग में प्रकाशित हुए। इसके शुरू होने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है। समाचार पत्र के जैकेट कवर में बाल ठाकरे की बड़ी सी मुस्कराती तस्वीर है, जिस पर मराठी में लिखा है ‘हमारे बॉस चले गए।’ इसके नीचे मराठी में एक कविता भी है।
समाचार पत्र के मुख्य कवर पर शीर्षक लिखा है, ‘ईश्वरीय अवतार स्वर्ग चला गया’ और ‘बालासाहेब के नाम से मशहूर तूफानी बादल शांत हो गया।’
दोपहर का सामना आम तौर पर रविवार को बंद रहता है। लेकिन ठाकरे को श्रद्धांजलि देने के लिए इसका विशेष संस्करण निकाला गया। इसका कवर पृष्ठ भी काले रंग से रंगा है। अंदर ठाकरे को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा गया है, ‘हिन्दुओं के महादेव का महाप्रायाण।’
इसमें एक छोटी सी कविता भी लिखी गई है, ‘जो उठे राम/जो उठे कृष्ण/भारत की मिट्टी रोती है/क्या हुआ हमारे साहब को/ये मूर्ति न जिंदा होती है।’ ठाकरे ने इस समाचार पत्र की शुरुआत 23 फरवरी, 1993 में की थी।




