
- कोयलांचल में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के फिराक में थे अपराधी
Dhanbad: धनबाद के एक बंद पड़े रेलवे क्वार्टर में तीन सुतली बम मिले हैं. बम को एक मिनरल वाटर के कार्टून में डाल कर छिपाया गया था. पुलिस ने यह बरामदगी एक गिरफ्तार किए गए अपराधी के निशानदेही पर की है. फिलहाल बम मिलने की सूचना से इलाके में हड़कम मचा हुआ है.
जानकारी के अनुसार शनिवार रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने झरिया इलाके से एक अपराधी को गिरफ्तार किया था. उसी अपराधी से पूछताछ के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि धनसार थाना क्षेत्र के डीसी कंपाउंड स्थित रेलवे के एक क्वार्टर में बम छिपा कर रखा गया है, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया. अन्ततः पुलिस बम के ठिकाने तक भी पहुंच गई, लेकिन पुलिस ने बम के साथ किसी तरह का छेड़छाड़ न करते हुए सीधे इसकी जानकारी बम निरोधक दस्ते को दी.
रांची और गिरिडीह से आए बम निरोधक दस्ते ने रेलवे के क्वार्टर में एक मिनरल वाटर के कार्टून में छिपा कर रखे गए तीन सुतली बम को बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया.
वहीं मौके पर मौजूद धनसार थाना प्रभारी जयराम प्रसाद ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल बम को निष्क्रिय कर दिया गया. अब किसी तरह के खतरे की कोई बात नही है. उन्होंने बम के प्रयोग के संबंध में बताया कि अपराधी इन बमों को कहां और किस मकसद से प्रयोग में लाने वाले थे ये तो फिलहाल जांच का विषय है
बता दें कि धनबाद कोयलांचल में लगातार आउटसोर्सिंग कंपनियों में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर बम और गोली चलने की वारदातें हुई हैं. वही आगे भी इस तरह की घटना में इस बम का उपयोग होने का अंदेशा लगाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : गणतंत्र दिवस पर झारखंड पुलिस के 38 अफसरों-जवानों को मिलेगा पदक, देखिए पूरी लिस्ट




