
Bokaro: बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र से बोरे में बंद सिर कुचला हुआ युवक का शव बरामद हुआ है. गुरुवार की सुबह बेरमो थाना क्षेत्र के करगली गेट और रामविलास स्कूल के बीच नाला के पास युवक का शव बरामद हुआ है.
इसकी सूचना स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को दी गयी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
युवक का शव बोरे में बंद था और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा मिला है. आशंका जतायी जा रही है कि सिर कुचल कर युवक की हत्या की गयी है. युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है.
इसे भी पढ़ें- कोविड वैक्सीनेशन से क्यों डर रहे स्वास्थ्यकर्मी, लक्ष्य के लगभग आधे लोग ही करा रहे वैक्सीनेशन
गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह नाला किनारे स्थानीय लोगों ने बोरा देखा तो उन्हें लगा किसी जानवर को इसमें भरकर फेंका गया है. पर जब लोगों ने बोरे का मुंह खोला तो युवक का शव बरामद हुआ. युवक का सिर कुचला हुआ है और कनपटी के पास धारदार हथियार से वार करने के निशान हैं.
शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुटी हुई है. पुलिस ने स्थानीय लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश भी की, लेकिन शव की पहचान नहीं हो पायी है.
आशंका जतायी जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गयी, फिर उसके शव को बोरे में बंद कर फेंक दिया गया.




