न्यूयार्क: सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक के 8.3 करोड़ से अधिक खाते फर्जी या नकली हैं. कंपनी ने अमरीका के सिक्युरिटीज एक्सचेंज कमीशन (एसईसी)को सूचित किया है कि उसके 95.5 करोड़ उपयोगकर्ताओं में से 8.7 प्रतिशत वास्तविक नहीं हैं. यह संख्या 8.3 करोड़ के आसपास बैठती है. कंपनी ने कहा है कि 30 जून 2012 तक उसके 4.8 प्रतिशत उपयोगकर्ता डुप्लीकेट यानी नकली थी.
यानी इस तरह के उपयोगकर्ता अपने मूल एकाउंट के अलावा एक नकली एकाउंट भी रखे हुए हैं. इसके अलावा कुछ लोगों ने अपने काम धंधे,संगठन या कुत्ते बिल्ली के नाम पर भी एकाउंट बना रखे हैं. इस तरह के कुछ एकाउंट से स्पैमिंग आदि कर सेवाओं की शतोंü का उल्लंघन भी किया जाता है. कंपनी का कहना है कि नकली या फर्जी खातों की संख्या अमरीका और आस्ट्रेलिया जैसे बड़े बाजारों में कम है जबकि इंडोनेशिया तथा तुर्की जैसे विकासशील बाजारों में अधिक है.
कंपनी के मुताबिक 30 जून 2012 को उसके उपयोगकर्ताओं (मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता या एमएमयू)की संख्या 95.5 करोड़ थी जो पिछले साल की तुलना में 29 प्रतिशत अधिक है. वर्ष 2012 की दूसरी तिमाही में उसकी वृद्धि में ब्राजील,भारत व इंडोनेशिया ने बड़ी भूमिका निभाई. भारत में उसके 5.9 करोड़ उपयोगकर्ता हैं.




