JharkhandRanchi

खुद वेंटिलेटर पर है नेशनल मेंटल हेल्थ प्रोग्राम, तीन साल में 4000 लोगों ने किया सुसाइड

Ranchi: राज्य में नेशनल मेंटल हेल्थ प्रोग्राम (NMHP) का हाल बेहाल है. यह तब है जब पिछले तीन सालों में लगभग चार हजार लोगों ने सुसाइड किया है. पिछले साल कोरोना काल में भी सुसाइड केस बड़े पैमाने पर सामने आये. लॉकडाउन में तो 16 जिलों में 449 से अधिक लोगों ने आत्महत्या की थी. पिछले 15 वर्षों में लगातार मानसिक रोगियों की संख्या बढी है. इनमें सबसे अधिक संख्या युवाओं की है. नेशनल मेंटल हेल्थ प्रोग्राम के लिए जितने कर्मियों की जरूरत है, उसका एक चौथाई भी उपलब्ध नहीं है. हास्यास्पद ये है कि राज्य सरकार को जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (DMHP) राज्य के सभी 24 जिलों में चलाने की स्वीकृति केंद्र से प्राप्त है. पर पिछले 15 सालों में सिर्फ 5 जिलों में ही यह कार्यक्रम आधे अधूरे तरीके से चल रहा है.

NMHP के लिए कितने कर्मियों की मिल रही सेवा

राज्य में NMHP के लिए अलग अलग कैटेगरी में कुल 108 पदों पर मैनपावर की जरूरत रही है. यह माना जाता है कि मानसिक रोगियों के उपचार के लिए मानसिक स्वास्थ्य के विशेषज्ञों के एक समूह की जरूरत होती है. इनमें मनोचिकित्सक (Psychiatrist), मनोचिकित्सकीय सामाजिक कार्यकर्ता (Psychiatric Social Worker), मनोवैज्ञानिक (Clinical Psychologist), नर्स (Psychiatric Nurse) आदि शामिल होते हैं. राज्य में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (DMHP) की शुरुआत दुमका ज़िले में फरवरी 2006 में हुई थी.

इसे भी पढ़ें-  आकांक्षा कोचिंग : नये बैच के 92 स्टूडेंट्स को अब भी क्लास शुरू होने का इंतजार

इसके बाद से कभी भी जरूरी पदों के हिसाब से मैनपावर नहीं रहा. 24 जिलों में कम से कम एक मनोचिकित्सक (Psychiatrist) चाहिये. पर वर्तमान में केवल 3 जिलों दुमका, पूर्वी सिंहभूम और पलामू में ही ये उपलब्ध हैं. इसी तरह मनोचिकित्सकीय सामाजिक कार्यकर्ता (Psychiatric Social Worker) के लिए 24 की बजाये 4, मनोवैज्ञानिक (Clinical Psychologist) के लिए 24 की जगह 2, नर्स के लिए 12 की बजाये 2, 12-12 केस रजिस्ट्री असिस्टेंट और वार्ड अर्दली की जगह पर 4-4 कर्मी ही कार्यरत हैं.

बढ़ते सुसाइड केस पर गंभीर सवाल

राज्य में बढ़ते सुसाइड केस के संबंध में कई स्तरों पर चिंता जतायी गयी है. यहां तक कि सीएम हेमंत सोरेन के संज्ञान में इस मामले को लाया जा चुका है. झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पिछले दिनों उन्हें लेटर भी लिखा था. कहा था कि नेशनल मेंटल हेल्थ प्रोग्राम को फेल करके रख दिया गया है. संबंधित विभाग और इसके पदाधिकारी खानापूर्ति करके मानसिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने का ढोंग कर रहे हैं. पिछले तीन सालों में 4000 लोगों ने आत्महत्या की. 2018 में 1317, 2019 में 1646 औऱ 2020 में कम से कम 1010 लोगों ने समय से पहले अपना जीवन खत्म कर लिया. सरकार इस दिशा में कदम उठाये. नेशनल मेंटल हेल्थ प्रोग्राम के लिए मैनपावर का संकट दूर हो.

Related Articles

Back to top button