
Ranchi : रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने गुरुवार को अपने स्नातकोत्तर (एमए, जनसंचार) के छात्र-छात्राओं के लिए ‘समाचार और सूचना साक्षरता ट्रेनिंग’ विषय पर ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया. इंडिया मीडिया लिटरेसी नेटवर्क के कार्यक्रम फैक्टशाला के तहत आयोजित इस कार्यशाला सह वेबिनार को सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सहायक प्राध्यापिका रश्मि वर्मा ने संचालित किया.
वेबिनार के संयोजक व पत्रकारिता विभाग के सहायक प्राध्यापक संकर्षण परिपूर्णन ने विषय प्रवेश कराया. स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षक संतोष उरांव, मनोज कुमार शर्मा भी इस वेबिनार में जुड़े थे. विषेशज्ञ के रूप में जुड़ीं रश्मि वर्मा ने सोशल मीडिया को आज का सर्वाधिक प्रभावी व प्रचलित माध्यम बताते हुए इनके गुण व दोषों के बारे में बताया.
इसे भी पढ़ें- नौवीं और 11वीं के छात्रों को रजिस्ट्रेशन के लिए मिला एक और मौका
वेबिनार का फोकस सोशल मीडिया के माध्यम से आ रहीं सूचनाओं को परखने, उनको आगे बढ़ाने से पहले उनकी जांच करने तथा ऐसी सूचनाओं के प्रयोजन के बारे में जानने पर था. बताया गया कि किन कारणों से गलत सूचनाएं सोशल मीडिया में जगह लेती हैं और किन कारणों से वे वायरल होती हैं. कैसे किसी खबर, फोटो या वीडियो को हम सत्यापित कर सकते हैं. इन विड, पीआईबी फैक्ट चेक, गूगल रिवर्स इमेज सर्च, फर्स्टचेक, बूम लाइव आदि साइट की मदद से कैसे किसी सूचना की सत्यता का पता लगा सकते हैं. इसके बारे में छात्रों को बताया गया.
इसके अलावा कैसे क्रिटिकल थिंकिंग करनी चाहिए, औरों को कैसे सजग करना चाहिए आदि की जानकारी भी दी गयी. अंत में रश्मि वर्मा ने छात्रों को फ्लैग बियरर बनने का आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने परिवार, जाननेवालों में इस संबंध में जागरूकता लायें. इस दौरान प्रतिभागियों ने सवाल भी किये. विभाग के सहायक प्रोफेसर संकर्षण परिपूर्णन ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
इसे भी पढ़ें- लर्नेटिक्स ऐप में 4.31 लाख बच्चे नहीं जुड़ सके




