
Ranchi : बीआइटी मेसरा थाना क्षेत्र स्थित रूदिया गांव में शुक्रवार की दोपहर पति के साथ विवाद होने के बाद पत्नी ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. मृतका का नाम लीला देवी है और वह मूल रूप से बेड़ो की रहनेवाली थी.
लीला अपने पति महादेव लोहरा के साथ रूदिया गांव में किराये के घर में रहती थी. पत्नी एक निजी अस्पताल में सफाई का काम करती थी, जबकि पति मजदूरी का काम करता था.
पति को पिछले कुछ दिनों से काम नहीं मिल रहा था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो चुकी थी. यही वजह है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
इसे भी पढ़ें : छह सदस्यों वाले परिवार में कमानेवाला इकलौता शख्स था युवक, रोड एक्सीडेंट में हो गयी मौत
शुक्रवार को भी आपस में विवाद होने के बाद पति थोड़ी देर के लिए घर से बाहर गया, तो पत्नी ने अपने कमरे में जाकर साड़ी के सहारे फांसी लगा ली. पति घर पहुंचा तो देखा कि दरवाजा बंद है.
काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खोली तो पति ने खिड़की से झांका और देखा कि वह फांसी के फंदे से लटक रही है. इसके बाद वेंटिलेटर के सहारे कमरे में प्रवेश कर फांसी के फंदे से उतारा.
उसे तुरंत मेडिका अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
इसे भी पढ़ें : वीक ऑफ का रोस्टर सात दिनों के अंदर तैयार करें थाना प्रभारी: एसएसपी




