
Chatra: स्कूली नौनिहालों की पोशाक आवंटन के पेंच में फंस गई है. यही कारण है कि शैक्षणिक सत्र शुरू हुए आठ महीने गुजर गए, मगर उन्हें पोशाक नसीब नहीं हुई. हालांकि समग्र शिक्षा अभियान के तहत इस मद में 1,54,866 बच्चों के लिए 9.29 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. लेकिन अब तक आवंटन का पता नहीं है.
राशि की मांग को लेकर लगातार पत्राचार किया जा रहा है. लेकिन राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा संज्ञान नहीं लिया जा रहा है. अधिकारी उन्हें आश्वासन की घुंट्टी पीला रहे हैं. उनका कहना है कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से समग्र शिक्षा अभियान मद में बजट के विरुद्ध आवंटन ही नहीं आ रहा है.
सिर्फ पारा शिक्षक और बीआरसी-सीआरसी के मानदेय मद में आवंटन आ रहा है. जिसका भुगतान राज्य परियोजना कार्यालय के माध्यम से संबंधित पारा शिक्षक एवं बीआरसी-सीआरसी के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दिया जा रहा है. शेष मद में आवंटन नहीं हो रहा है.
परिणामस्वरूप विद्यालय विकास मद से लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना के माध्यम से संचालित होने वाली सारी गतिविधियां ठप पड़ी हुई है. कोविड-19 की वजह से स्कूलों में पठन-पाठन नहीं हो रही है. आनलाइन पढ़ाई हो रही है.
बताते चलें कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्राथमिक से लेकर मध्य विद्यालय के सभी वर्ग की बच्चियों को तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति एवं गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर करने वाले परिवारों के लड़कों को नि:शुल्क दो जोड़ी पोशाक देने का प्रावधान है.
प्रावधान के तहत अप्रैल से लेकर जुलाई तक बच्चों को पोशाक उपलब्ध करा देना है. पोशाक के लिए प्रति बच्चा छह सौ रुपये उनके बैंक खाता में राशि स्थानांतरण किया जाता है. जिनका बैंक खाता नहीं है, उनकी राशि ग्राम शिक्षा समिति के माध्यम से दिया जाता है.
कोटिवार लाभुक छात्र-छात्राओं की संख्या और बजट का विवरण
| छात्र-छात्राएं | संख्या | बजट (लाख में) |
| सभी वर्ग कोटि की बच्चियां | 90,071 | 540.43 |
| एसटी वर्ग का लड़का | 4589 | 27.53 |
| एससी वर्ग का लड़का | 40,742 | 244.45 |
| बीपीएल लड़के | 19,464 | 116.78 |
| कुल | 1,54,866 | 929.20 |
डीएसई जितेंद कुमार सिन्हा कहते हैं कि बच्चों के बीच पोशाक का वितरण होना है. लेकिन अब तक आवंटन नहीं आया है. आवंटन के लिए राज्य परियोजना कार्यालय के साथ पत्राचार लगातार किया जा रहा है. आवंटन जैसे ही मिलेगा, वैसे ही पोशाक का आदेश जारी कर दिया जायेगा.




