वाशिंगटन, 31 जनवरी | महाराष्ट्र की एक शिक्षिका का चयन अमेरिकी अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए किया गया है। अमेरिकी स्पेस फाउंडेशन के 10 वर्षो के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी विदेशी नागरिक को फाउंडेशन के 2012 फ्लाइट ऑफ टीचर लाइजन्स कार्यक्रम के लिए चुना गया है।
महाराष्ट्र के विद्या वैली स्कूल की शिक्षक वंदना सूर्यवंशी माध्यमिक स्कूल में पढ़ाती हैं। वह पिछले 20 साल से जीव विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान और सामान्य विज्ञान पढ़ाती आ रही हैं। उनके अतिरिक्त 19 अन्य शिक्षकों का चयन भी अंतरिक्ष एवं विज्ञान शिक्षा के इस कार्यक्रम के लिए किया गया है।
अंतरिक्ष जागरूकता की गतिविधियों एवं शैक्षिक कार्यक्रमों से जुड़े कोलोराडो स्प्रिंग्स ने बताया कि टीचर लाइजन्स का यह नया दल पाठ्यक्रमों में अंतरिक्ष आधारित शिक्षा की व्यवस्था का समर्थन करने के साथ ही कक्षाओं में अंतरिक्ष सिद्धांतों को और प्रभावी ढंग से समझाने के लिए अंतरिक्ष फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले प्रशिक्षण एवं संसाधनों का इस्तेमाल करेगा।
स्पेस फाउंडेशन टीचर लाइजन्स कार्यक्रम में 270 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इन शिक्षकों का चयन अंतरिक्ष एवं सेना के प्रतिनिधियों की समिति ने किया है।
इस कार्यक्रम के तहत 16-19 अप्रैल के बीच कोलोराडो के कोलोराडो स्प्रिंग्स स्थित द ब्रॉडमूर होटल में 28वें राष्ट्रीय अंतरिक्ष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। प्रतिभागी इसकी कार्यशालाओं और शिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। संगोष्ठी के बाद प्रतिभागी शिक्षक स्पेश फाउंडेशन और नासा की कार्यशालाओं में विशेष प्रशिक्षण एवं निर्देशों का लाभ उठा सकते हैं।
– अरुण कुमार




