नई दिल्ली, 27 दिसम्बर | राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को लोकसभा में लोकपाल विधेयक पर जारी चर्चा के दौरान केंद्र सरकार से इस विधेयक को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि विधेयक को ठीक तरीके से तैयार नहीं किया गया है और उसे वापस स्थायी समिति के पास भेज देना चाहिए। सरकार द्वारा पेश लोकपाल विधेयक को कमजोर बताते हुए लालू ने कहा कि यदि विधेयक मौजूदा स्वरूप में पारित हो गया तो यह सांसदों के लिए 'डेथ वारंट' साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के जरिए सरकार पूरी व्यवस्था को नेस्तनाबूद करने जा रही है।
लालू ने लोकपाल विधेयक पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान को एक चुनावी भाषण बताया और कहा कि विधेयक में बहुत सारी खामियां हैं, इसलिए सरकार इस विधेयक को वापस ले और इसे स्थायी समिति के पास भेजे।
उल्लेखनीय है कि लोकपाल विधेयक पर चर्चा के लिए संसद का तीन दिनों का (27 से 29 दिसम्बर तक) विशेष सत्र बुलाया गया है जबकि वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने विधेयक को कमजोर बताकर इसे खारिज किया है। अन्ना हजारे एक प्रभावी लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर मुम्बई के एमएमआरडीए मैदान में 27 दिसम्बर से तीन दिवसीय अनशन पर बैठे हैं। (आईएएनएस)




