
- गूगल पर वॉलेट और बैंक के फर्जी कस्टमर केयर नंबर का विज्ञापन देकर लोगों से ठगी करने का आरोप
Deoghar : साइबर अपराध की रोकथाम की दिशा में पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान गुरुवार की रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. पुलिस कप्तान आश्विनी कुमार सिन्हा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग-अलग पुलिस टीम का गठन कर बीती रात मधुपुर, खागा और पाथरौल थाना क्षेत्र में छापामारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
15 हजार कैश, दो लैपटॉप, सात मोबाइल फोन सहित कई सामान बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 15 हजार नकद सहित दो लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, आठ पासबुक, तीन एटीएम कार्ड, दो चेकबुक और एक अपाची बाइक बरामद किये हैं. एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम वन का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय मंगल सिंह जामुदा, साइबर थाना की पुनि संगीता कुमारी के साथ थाना प्रभारी मधुपुर, पाथरौल तथा टीम टू का नेतृत्व सारठ डीएसपी अमोद नारायण सिंह, साइबर थाना पुनि होनहागा व थाना प्रभारी खागा के नेतृत्व में अलग-अलग छापामारी की गयी.
एटीएम बंद होने की बात कहकर लोगों को बनाते हैं अपना शिकार
छापामारी में खागा थाना क्षेत्र के कांकी परसनी गांव से एक और मधुपुर थाना क्षेत्र के कुशमाहा मधुपुर व गुनियासोल, पाथरौल थाना क्षेत्र के गोनैया गांव से चार साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया. एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी सक्रिय होकर आम जनों से ठगी का कार्य कर रहे हैं. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर एटीएम बंद होने और चालू कराने को कहकर आम जनता से ओटीपी लेकर ठगी का कार्य करते हैं. इस क्रम में फोन-पे और पेटीएम से ओटीपी लेकर ठगी का कार्य करते हैं. गूगल पर वॉलेट एवं बैंक के फर्जी कस्टमर केयर नंबर का एडवर्टाइजमेंट देकर आम लोगों से सहायता के नाम पर ठगी करते हैं.
एसपी ने बताया कि रिमोट एक्सेस एप्स इंस्टॉल करवाकर गूगल पर मोबाइल नंबर के पहले चार अंक डालकर और छह अंक जोड़कर साइबर ठगी का कार्य करते हैं. एसपी ने बताया कि जब तक देवघर साइबर क्राइम से मुक्त नहीं हो जाता, तब तक इस तरह के अभियान को बराबर चलाया जायेगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि वह पुलिस का सहयोग करें.
इन्हें किया गया है गिरफ्तार
छापामारी के क्रम में खागा थाना क्षेत्र के कांकी परसनी गांव से शाहरुख अंसारी (24 वर्ष), मधुपुर थाना क्षेत्र के कुशमाहा मधुपुर गांव से दो सगे भाई अनिल कुमार मंडल (22 वर्ष), सुनील कुमार मंडल (22 वर्ष), गुनियासोल गांव से कामदेव दास (35 वर्ष) तथा पाथरौल थाना क्षेत्र के गोनैया गांव से पिंटू कुमार दास (22 वर्ष) की गिरफ्तारी की गयी.
छापामारी टीम में ये पुलिस अधिकारी और जवान थे शामिल
एसपी के निर्देश पर गठित दो अलग-अलग छापामारी टीम में साइबर थाना के प्रशिक्षु एसआई प्रेम प्रदीप कुमार, रूपेश कुमार, स्वरूप भंडारी, अजय कुमार यादव, अविनाश कुमार गौतम, गौरव कुमार, मनोज कुमार मुर्मू, अवधेश बाड़ा, संगीता रजवार, आरक्षी प्रदीप कुमार मंडल, सोमलाल मुर्मू, प्रेम सागर पंडित, रंजन कुमार दास, तीरथ कुमार सिंह, जयराम पंडित, सपन मंडल, श्यामपद सिंह, हवलदार मंगल टुडू, इमानुएल मरांडी, चालक सामुएल मुर्मू, राजेश कुमार व रतन दुबे शामिल थे.




